1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सौरभ भारद्वाज-जरनैल सिंह समेत AAP कार्यकर्ताओं पर FIR, हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप

सौरभ भारद्वाज-जरनैल सिंह समेत AAP कार्यकर्ताओं पर FIR, हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप

दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह समेत कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन पर दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।

Saurabh Bhardwaj- India TV Hindi
Image Source : PTI आप नेता सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली: तिलक नगर में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ कथित मारपीट मामले में आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह समेत पार्टी के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

वीडियोग्राफी कर रहे पुलिसकर्मी से मारपीट

जानकारी के मुताबिक अरविंद केजरीवाल जब तिलक नगर का दौरा करने गए थे तब दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल सादी वर्दी में वीडियोग्राफी कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान आम आदमी पार्टी के समर्थकों की भीड़ ने उसे घेर लिया। आरोप है कि आप के कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद पुलिसकर्मी का मेडिकल कराया गया। वहीं इस मामले में साहिब सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। 

बता दें कि साहिब सिंह वही शख्स है जो प्रवेश वर्मा के तिलक नगर दौरे के दौरान वीडियो बना रहा था। प्रवेश वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने साहिब सिंह को थप्पड़ मारा था। इस विवाद को लेकर दिल्ली की सियासत काफी गर्माई हुई है। इसी कांड के बाद अरविंद केजरीवाल तिलक नगर के उस इलाके का दौरा करने गए थे।

प्रवेश वर्मा के खिलाफ NCR

इससे पहले कल दिल्ली पुलिस ने थप्पड़ मारने के मामले में प्रवेश वर्मा के खिलाफ Non cognisable report दर्ज की थी। अधिकारियों ने बताया कि वर्मा के खिलाफ Non cognisable report  स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 के तहत दर्ज की गई है। एक एनसीआर तब दर्ज की जाती है, जब प्राप्त जानकारी किसी असंज्ञेय अपराध से संबंधित होती है। ऐसे मामलों में, पुलिस को जांच करने के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति की आवश्यकता होती है, जबकि संज्ञेय अपराध में पुलिस कानून के तहत दी गई व्यवस्था के अनुसार जांच आगे बढ़ा सकती है। 

काम करने से रोकने की कोशिशें बर्दाश्त नहीं

हालांकि, वर्मा ने कहा कि वह आप कार्यकर्ताओं द्वारा सरकारी अधिकारियों को अपना काम करने से रोकने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिंह 'आप' से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सिंह इस साल जून में एमसीडी के एक कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपी है। उसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मिल गई थी। 

वहीं इस मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।  जरनैल सिंह पर केस PWD के इंजीनियरों की शिकायत पर दर्ज की गई है। आप विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालना, डराने और धमकाने के आरोप लगे हैं। 

ये भी पढ़ें:
प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर सियासत, कार्रवाई की मांग पर अड़े सौरभ भारद्वाज समेत कई AAP विधायक हिरासत में लिए गए