1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर सियासत, कार्रवाई की मांग पर अड़े सौरभ भारद्वाज समेत कई AAP विधायक हिरासत में लिए गए

प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर सियासत, कार्रवाई की मांग पर अड़े सौरभ भारद्वाज समेत कई AAP विधायक हिरासत में लिए गए

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 29, 2026 07:05 am IST,  Updated : Sep 29, 2026 07:25 am IST

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा हाल ही में एक शख्स को थप्पड़ मारने के मामले में आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतर आई है और प्रवेश वर्मा के खिलाफ एक्शन की मांग कर रही है।

Saurabh Bharadwaj- India TV Hindi
सौरभ भारद्वाज समेत AAP विधायक और पार्षद विकासपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए Image Source : X@SAURABH_MLAGK

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक शख्स को थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ता हुआ दिख रहा है। आम आदमी पार्टी इस मामले को लेकर प्रदर्शन कर रही है और सड़कों पर उतर आई है। आप की मांग है कि प्रवेश वर्मा के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।

सौरभ भारद्वाज समेत AAP विधायक हिरासत में लिए गए

देर रात आप नेता सौरभ भारद्वाज समेत AAP विधायक और पार्षद विकासपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जहां दिल्ली पुलिस सभी को हिरासत में लेकर बसों ले गई। हालांकि AAP का कहना है कि वो लोग रुकने वाले नहीं हैं और आज आम आदमी पार्टी पीएचक्यू का घेराव करेगी।

दूसरी ओर प्रवेश वर्मा का आरोप है कि ये सब आम आदमी पार्टी की साजिश का हिस्सा है और वो सरकार को बदनाम करने की मुहिम में जुटे हैं।

आप विधायक जरनैल सिंह का सामने आया बयान

इस मामले पर आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा, "पुलिस की इस तानाशाही के आगे नहीं झुकेंगे। सुन लो, ये बीजेपी की पुलिस बनकर तुम ज्यादा दिन नहीं चल सकते। हम आराम से, शांति से प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस वाले गुंडों की तरह बर्ताव कर रहे हैं।"

क्यों भड़की हुई है आम आदमी पार्टी?

आम आदमी पार्टी का गुस्सा, दिल्ली के PWD मिनिस्टर प्रवेश वर्मा के खिलाफ कोई कार्रवाई ना होने को लेकर है। AAP लगातार प्रवेश वर्मा पर FIR करने और उन्हें बर्खास्त करने की मांग पर अड़ी है। जबकि आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ एक FIR दर्ज हुई है। तिलक नगर पुलिस थाने में पीडब्ल्यूडी के दो इंजीनियर्स ने सरकारी काम में बाधा डालने, डराने और धमकाने के मामले में FIR दर्ज कराई है।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि बीजेपी के नेता सत्ता के नशे में चूर हैं इसीलिए सच बताने पर लोगों पर हाथ उठा रहे हैं लेकिन जनता सब देख रही है और इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

हालांकि मामले में मंत्री प्रवेश वर्मा का कहना है कि केजरीवाल जिसे यूथ बता रहे हैं, वो आम आदमी पार्टी का गुंडा है और पहले भी जेल जा चुका है। उन्होंने कहा कि जरनैल सिंह सड़क निर्माण में घोटाले के झूठे इल्जाम लगा रहे हैं बल्कि सच्चाई ये है कि जरनैल सिंह ने सड़क बनाने वाले अफसरों से रंगदारी मांगी थी।

आप नेताओं के हिरासत में लिए जाने के बाद अब मामले में सियासत गरमा गई है। आज AAP पीएचक्यू का घेराव करेगी और प्रवेश वर्मा के खिलाफ कड़े एक्शन की मांग करेगी। इससे पहले खबर सामने आई थी कि प्रवेश वर्मा से थप्पड़ खाने वाला शख्स AAP नेता का सोशल मीडिया हैंडलर निकला और MCD कर्मचारी से मारपीट मामले में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।

ये भी पढ़ें-

प्रवेश वर्मा के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दर्ज की NCR, थप्पड़ विवाद में शिकायत पर एक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।