1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में कल बारिश, इसके बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले कुछ दिनों में लगातार बढ़ेगा तापमान, जानिए IMD का अपडेट

दिल्ली में कल बारिश, इसके बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले कुछ दिनों में लगातार बढ़ेगा तापमान, जानिए IMD का अपडेट

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 28, 2026 07:57 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 09:41 pm IST

दिल्ली समेत कई राज्यों में मंगलवार को बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि जल्द ही दिल्ली के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा।

दिल्ली में विजय चौक के पास शाम ढलने के समय आसमान में छाए बादल- India TV Hindi
दिल्ली में विजय चौक के पास शाम ढलने के समय आसमान में छाए बादल Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुहावने मौसम का दौर जल्द ही समाप्त हो सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी है। आईएमडी ने मंगलवार को दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही आईएमडी ने कहा कि सोमवार को पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम (5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम), कई स्थानों पर सामान्य से कम (3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस कम) और बाकी हिस्सों में सामान्य से कम (1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस कम) दर्ज किया गया। 

दिल्ली का जल्द बदलने वाला है मौसम

इसी तरह, कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी कम (3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस कम) रहा, जबकि दिल्ली के बाकी हिस्सों में यह सामान्य दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति जल्द ही बदलने वाली है, खासकर एक अक्टूबर से, जब दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। 

33 से 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है अधिकतम तापमान

आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश व आसपास के क्षेत्र में बने ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के असर से दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट देखी गई थी। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के कारण आमतौर पर बारिश होती है, जिससे मौसम ठंडा हो जाता है। 

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में बने इन मौसमी तंत्रों के कारण 28 और 29 सितंबर के दौरान दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और बिजली की कड़क के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 28 से 30 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और 28 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। 

दिल्ली से लौट चुका दक्षिण-पश्चिम मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून (जून-सितंबर) 23 सितंबर को दिल्ली से लौट चुका है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण का असर खत्म होते ही तापमान बढ़ने की उम्मीद है। भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में बने अल नीनो के प्रभाव के कारण यह स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। 

जानिए क्या है 'अल नीनो' और 'ला नीना'

अल नीनो दक्षिण दोलन (ENSO) की तीन स्थितियों में से एक है। यह एक जलवायु प्रक्रिया है, जो मध्य और पूर्वी उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर में समुद्र के तापमान में बदलाव और उसके ऊपर वायुमंडल में होने वाले उतार-चढ़ाव से जुड़ी है। जहां अल नीनो का असर दुनिया भर में गर्मी बढ़ाने वाला माना जाता है, वहीं इसके विपरीत चरण 'ला नीना' से आमतौर पर ठंडक बढ़ती है। ईएनएसओ की एक तटस्थ स्थिति भी होती है। 

ये भी पढ़ें: 

दिल्ली में सर्दियों के प्रदूषण से निपटने तैयारी तेज, विंटर एक्शन प्लान तैयार, जानें क्या-क्या होंगे उपाय

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।