दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा थप्पड़ मारे जाने की घटना के बाद चर्चा में आए साहिब सिंह को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि साहिब सिंह के खिलाफ दिल्ली के तिलक नगर थाने में एक एमसीडी (MCD) कर्मचारी के साथ मारपीट का आपराधिक मामला पहले से ही दर्ज है और फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में भी मारपीट की पूरी वारदात कैद हुई थी। बता दें कि साहिब सिंह आम आदमी पार्टी (AAP) नेता जरनैल सिंह का सोशल मीडिया हैंडल करता है।
क्या था पूरा मामला?
तिलक नगर थाने में दर्ज FIR (संख्या 215/2026) के अनुसार, शिकायतकर्ता धन बहादुर (36 वर्ष), जो एमसीडी में अस्थायी कर्मचारी है, ने पुलिस को बताया कि 2 जून 2026 को उसकी ड्यूटी वार्ड नंबर 103 में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी (DL 1 LY 8111) पर बतौर हेल्पर लगी थी। वह ड्राइवर मुकेश के साथ वार्ड नंबर 103 में कूड़ा उठाने गया था।
करीब सुबह 11 बजे, जब गाड़ी WZ-148, कृष्णापुरी पहुंची तो एक लड़की दूसरी मंजिल से नीचे खड़ी कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में कूड़ा डाल रही थी। उसी समय एक मोटरसाइकिल वहां से आ रही थी। शिकायतकर्ता ने लड़की से मोटरसाइकिल को देखते हुए रुकने के लिए कहा। इसके बाद लड़की ने दूसरी मंजिल से कूड़ा नीचे फेंक दिया।
इसके बाद गाड़ी आगे चली गई। शिकायत के मुताबिक, उसी घर से एक लड़का अपने कुछ साथियों के साथ पीछे आया और गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को गाड़ी से नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की और उसे 2-3 गलियां आगे तक ले गए, जहां वह बेहोश हो गया।
होश आने पर शिकायतकर्ता ने खुद को डीडीयू अस्पताल में पाया। उसने बताया कि आरोपियों में से एक लड़के का नाम करन है, जबकि बाकी आरोपियों को वह सामने आने पर पहचान सकता है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अस्पताल में भर्ती और पुलिस कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद SI मनजीत सिंह, थाना तिलक नगर के निर्देश पर HC रवि कांत को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मौके पर कोई प्रत्यक्ष शिकायतकर्ता नहीं मिला। शिकायतकर्ता की गाड़ी को PCR के माध्यम से DDU अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली।
DDU अस्पताल में शिकायतकर्ता धन बहादुर का MLC नंबर M18001552609454/26 दर्ज किया गया। MLC में चोट का कारण “Physical Assault/Beaten by Public Near Krishna Park Nagar” दर्ज है। डॉक्टर ने इलाज के बाद उसे RML अस्पताल रेफर किया।
शिकायतकर्ता के बयान और उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना तिलक नगर में FIR नंबर 215/2026 दर्ज की गई। FIR में धारा 115(2)/126(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच SI मनजीत सिंह, नंबर D-4956 को सौंपी गई है। शिकायत और FIR को CCTNS में दर्ज कर संबंधित दस्तावेज वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।
ये भी पढ़ें-
डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च डालकर पार्सल लूटने के मामले में एक्शन, पुलिस ने 2 बहनों को पकड़ा