1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च डालकर पार्सल लूटने के मामले में एक्शन, पुलिस ने 2 बहनों को पकड़ा

डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च डालकर पार्सल लूटने के मामले में एक्शन, पुलिस ने 2 बहनों को पकड़ा

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 27, 2026 03:39 pm IST,  Updated : Sep 27, 2026 03:41 pm IST

रोहिणी के बुध विहार इलाके में डिलीवरी बॉय से लूट के मामले को पुलिस ने महज 15 घंटे में सुलझाते हुए दो बहनों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च डाली और फिर स्कूटी से टक्कर भी मारी।

Delhi delivery boy robbery- India TV Hindi
डिलीवरी बॉय से लूट के मामले में दो बहनें गिरफ्तार। Image Source : REPORTERS INPUT

दिल्ली पुलिस ने डिलीवरी बॉय से लूट के मामले में दो बहनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसका खुलासा 15 घंटे के अंदर ही कर दिया। इन दोनों बहनों ने डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर पार्सल छीने थे। दोनों ने स्कूटी से टक्कर मारकर उसे गिराया था। ये घटना रोहिणी के बुध विहार इलाके में हुई है।

एक बहन ने डिलीवरी बॉय की आंखों में डाली मिर्च

बता दें कि आरोपियों की पहचान 26 साल की नैंसी सिंह और 20 साल की ग्रेसी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे सेक्टर-5, रोहिणी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर जा रहा था। इसी दौरान, एक युवती ग्राहक बनकर उसके पास पहुंची और डिलीवरी बैग से पार्सल जबरन निकालने की कोशिश करने लगी। डिलीवरी बॉय ने विरोध किया तो युवती ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।

दूसरी बहन ने डिलीवरी बॉय को स्कूटी से मारी टक्कर

इसी दौरान, दूसरी युवती स्कूटी से वहां पहुंची और उसने डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया और उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद दोनों युवतियां डिलीवरी बैग से कई पार्सल लेकर मौके से फरार हो गईं।

पुलिस ने 15 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को पकड़ा

मामले की शिकायत मिलने पर बुध विहार थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने नैंसी और ग्रेसी को 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हुए लूटे हुए 3 पार्सल, मोबाइल फोन और स्कूटी

पूछताछ के दौरान, दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 3 लूटे गए पार्सल, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। दोनों आरोपी सगी बहनें हैं और करोल बाग की रहने वाली हैं। नैंसी ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है, लेकिन फिलहाल बेरोजगार है, जबकि ग्रेसी 12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। इससे पहले, हाल ही में दिल्ली में आरोपियों ने 'टॉय लाइटर पिस्तौल' दिखाकर करोड़ों की लूट को अंजाम दे दिया था।

ये भी पढ़ें- दरियागंज में गनपॉइंट पर हुई डेढ़ करोड़ की लूट, मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।