1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दरियागंज में गनपॉइंट पर हुई डेढ़ करोड़ की लूट, मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ बरामद

दरियागंज में गनपॉइंट पर हुई डेढ़ करोड़ की लूट, मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ बरामद

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 17, 2026 10:57 am IST,  Updated : Sep 17, 2026 11:03 am IST

दिल्ली के दरियागंज इलाके में हुई डेढ़ करोड़ रुपये की गनपॉइंट लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटी गई रकम में से करीब 1 करोड़ रुपये बरामद किए हैं।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

दिल्ली पुलिस ने दरियागंज थाना क्षेत्र में हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की गनपॉइंट लूट की वारदात को सुलझाते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से करीब एक करोड़ रुपये बरामद किए हैं। पुलिस अब लूट की बाकी रकम की बरामदगी और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे आउटर रिंग रोड पर गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास हुई थी। शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ चांदनी चौक से सफदरजंग एन्क्लेव की ओर ऑटो-रिक्शा से जा रहा था। उसके पास एक बैग था, जिसमें करीब 1.5 करोड़ रुपये नकद रखे हुए थे।

बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो रोक लिया

गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो-रिक्शा को रोक लिया। आरोप है कि इनमें से एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर शिकायतकर्ता और उसके साथी को धमकाया और नकदी से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से आईटीओ की तरफ फरार हो गए। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह चांदनी चौक में पेमेंट कलेक्टर/डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता है और लूटी गई नकदी उसके नियोक्ता की थी।

मामले में 8 सितंबर 2026 को दरियागंज थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया। बता दें कि इसके पहले, दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने Hero FinCorp के कॉर्पोरेट खाते से 12.84 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय-अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 1.70 करोड़ रुपये होल्ड कराए गए।

जांच के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये की लूटी गई रकम बरामद की। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बाकी रकम की बरामदगी के साथ-साथ वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

11 साल से फरार आरोपी भी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा

वहीं, 9 सितंबर को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अलग मामले में 42 वर्षीय कथित आदतन लुटेरे शराफत अली उर्फ मामा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 50 लाख रुपये की गनपॉइंट लूट के मामले में वांछित था और करीब 11 साल से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना निवासी शराफत अली को DND फ्लाईओवर इलाके से क्राइम ब्रांच की Anti-Extortion and Kidnapping Cell की टीम ने पकड़ा। पुलिस का कहना है कि अली को एक हत्या के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से 1 अक्टूबर को मेडिकल आधार पर पैरोल मिली थी, लेकिन पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसने सरेंडर नहीं किया और फरार हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, उसे खजूरी खास और सिविल लाइंस थाने में दर्ज दो मामलों में Proclaimed Offender भी घोषित किया गया था।

ये भी पढ़ें-

मथुरा में समाजवादी पार्टी में बड़ा बदलाव, जिलाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारी पदमुक्त

पकड़े गए प्रेमी की पहले हुई पिटाई, फिर परिवारों ने मंदिर में कराई शादी; VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।