1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पकड़े गए प्रेमी की पहले हुई पिटाई, फिर परिजनों ने मंदिर में कराई शादी; VIDEO आया सामने

पकड़े गए प्रेमी की पहले हुई पिटाई, फिर परिजनों ने मंदिर में कराई शादी; VIDEO आया सामने

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 17, 2026 09:56 am IST,  Updated : Sep 17, 2026 10:07 am IST

प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। युवक की पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दी गई। युवक को थाने ले जाने के बाद दोनों परिवारों में शादी पर सहमति बनी।

परिजनों ने प्रेमी-प्रेमिका की मंदिर में कराई शादी।- India TV Hindi
परिजनों ने प्रेमी-प्रेमिका की मंदिर में कराई शादी। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में प्रेम कहानी का अनोखा अंजाम सामने आया। रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई और इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस युवक को थाने ले गई, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और शादी पर सहमति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, जाटी गांव निवासी 20 वर्षीय आकाश दिवाकर का शेरगढ़ गांव की 19 वर्षीय सलोनी दिवाकर के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों चोरी-छिपे एक-दूसरे से मिलते थे। इसी क्रम में आकाश रात के समय अपनी प्रेमिका से मिलने शेरगढ़ पहुंचा था। इसकी जानकारी सलोनी के परिजनों को हो गई। परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया।

 

आरोप है कि इस दौरान आकाश के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई। थाने पहुंचने के बाद मामले में नया मोड़ आया। दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और शादी के लिए सहमति बन गई। इसके बाद परिजन दोनों को तिल्हापुर मोड़ स्थित मंदिर ले गए, जहां दोनों की शादी करा दी गई।

रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा, सुबह दुल्हन के साथ लौटा

बीते दिनों बिहार के मुजफ्फरपुर से एक ऐसी खबर सामने आई थी। यहां के अहियापुर थाना क्षेत्र के अब्दुल नगर गांव में रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों और लड़की पक्ष के लोगों ने दोनों की शादी कराने का फैसला किया। घर में महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए और ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भर दिया। देखते ही देखते दोनों की शादी करा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। युवक-युवती के बीच करीब छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों लगातार फोन पर एक-दूसरे के संपर्क में थे।

घटना की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम समेत पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शादी हो चुकी थी। पुलिस दोनों को थाने लेकर गई, जहां पूछताछ के दौरान दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। युवती ने बताया कि युवक उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार है, लेकिन उसके माता-पिता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं हैं। बाद में परिजनों की सहमति और स्थानीय जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में दोनों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।

(अयमान अहमद की रिपोर्ट के साथ)

ये भी पढ़ें-

मथुरा में समाजवादी पार्टी में बड़ा बदलाव, जिलाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारी पदमुक्त

दिल्ली-NCR वालों संभलकर! आज आंधी-बारिश से बढ़ेंगी मुश्किलें, इन राज्यों के लिए भी अलर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।