हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सीही गांव में खेलते समय 3 साल की बच्ची करीब 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। बच्ची के बोरवेल में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। NDRF और SDRF की टीमें बच्ची को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
खेलते समय बोरवेल में गिरी बच्ची
जानकारी के अनुसार, सीही गांव में नगर निगम की जमीन पर करीब 15 साल से बंद पड़ा एक बोरवेल बताया जा रहा है। रविवार शाम 3 साल की बच्ची बस्ती के बच्चों के साथ बोरवेल के पास खेल रही थी। वहां खड़े ट्रैक्टर पर बच्चे चढ़कर खेल रहे थे। इसी दौरान वह अचानक ट्रैक्टर से गिरकर सीधे बोरवेल में जा गिरी। बच्ची के बोरवेल में गिरते ही आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचा दिया। इसके बाद ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और बच्ची के परिजनों को सूचना दी गई।
NDRF और SDRF की टीमें मौके पर
सूचना मिलते ही NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरा अधिक होने के चलते बोरवेल के आसपास लाइटें लगाई गई हैं। रेस्क्यू टीम ने बोरवेल के अंदर कैमरा भी डाला है। कैमरे की फुटेज में अंदर कुछ पत्थर दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बच्ची के रोने की आवाज भी सुनाई दे रही है। फिलहाल ग्रामीणों को बोरवेल से दूर किया जा रहा है और रेस्क्यू टीम बच्ची के फंसे होने की गहराई का पता लगाने में जुटी है।
बच्ची के पिता रामदीन के मुताबिक, बोरवेल करीब 15 साल से बंद था और कुछ दिन पहले ही उसका ढक्कन हट गया था। हादसे के वक्त रामदीन काम पर गए हुए थे। उन्हें ग्रामीणों के जरिए बेटी के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली। रामदीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले हैं और पिछले कई सालों से सीही गांव में रह रहे हैं। वह गांव में मजदूरी का काम करते हैं। परिवार में रामदीन, उनकी पत्नी और बच्चे हैं। बोरवेल में फंसी बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। मौके पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। इससे पहले अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई थी।
रिपोर्टः सुनील कुमार
ये भी पढ़ेंः अंबाला में 3 मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से बड़ा हादसा, दो की मौत; कई लोग मलबे में दबे