1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. मिट्टी के ऊपर बना दी सड़क, 2 दिन में ही उखड़ना शुरू; सोनीपत में PWD विभाग का बड़ा कारनामा

मिट्टी के ऊपर बना दी सड़क, 2 दिन में ही उखड़ना शुरू; सोनीपत में PWD विभाग का बड़ा कारनामा

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 25, 2026 11:38 pm IST,  Updated : Sep 25, 2026 11:53 pm IST

सोनीपत में सड़क बनने के दो दिन बाद ही टूटनी शुरू हो गई। सवाल उठता कि अगर सड़क बनने के महज दो दिन बाद ही उखड़ने लगी, तो निर्माण की गुणवत्ता की जांच आखिर किस स्तर पर हुई?

खराब रोड की तस्वीर- India TV Hindi
खराब रोड की तस्वीर Image Source : REPORTER

सोनीपतः दो दिन पहले जिस सड़क पर निर्माण हुआ था, आज वही सड़क सवालों के घेरे में है। तस्वीरें हरियाणा के सोनीपत के गांव बड़वासनी से किलोहड़द ट्रिपल आईटी की तरफ जाने वाली सड़क की हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनाने से पहले नीचे की लेयर को सही तरीके से तैयार नहीं किया गया और मिट्टी के ऊपर ही सड़क का निर्माण कर दिया गया। नतीजा ये हुआ कि सड़क बनने के महज दो दिन बाद ही जगह-जगह से उखड़ना शुरू हो गई।  

ग्रामीणों ने रुकवाया काम

 ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में तय मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। आरोप है कि सड़क के नीचे की मिट्टी की लेयर पर ही निर्माण सामग्री डालकर सड़क बना दी गई। सड़क बनने के दो दिन बाद ही जगह-जगह से सड़क उखड़ने लगी। सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों ने विरोध जताया और मौके पर काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। मामला कांग्रेस के जिला पार्षद संजय बड़वासिया तक पहुंचा तो वे भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध किया।

वहीं जिला पार्षद ने मौके पर अधिकारियों और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मौके पर किसी जिम्मेदार अधिकारी ने पहुंचकर गुणवत्ता की जांच नहीं की। पार्षद ने कहा कि सड़क को दोबारा उखाड़कर नीचे की मिट्टी को साफ किया जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री डालकर सड़क का निर्माण कराया जाए। मौके पर ग्रामीणों और जिला पार्षद ने साफ कहा कि किसी भी सूरत में घटिया सामग्री से सड़क का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। पार्षद ने सड़क को दोबारा बनाने की मांग रखी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।

पीडब्ल्यूडी विभाग में शिकायत

वहीं पूरे मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी के एसडीओ राकेश ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर शिकायत मिली है, जिस पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनकी गैरमौजूदगी में ठेकेदार ने सड़क का काम शुरू कर दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां तक सड़क का निर्माण घटिया तरीके से हुआ है, उस हिस्से को उखाड़कर दोबारा निर्धारित मानकों के अनुसार बनवाया जाएगा।

रिपोर्ट- सन्नी मलिक

ये भी पढ़ेंः झज्जर में गैंगस्टर की अनोखी शादी, कंबोडिया से 3 बच्चों के साथ आई दुल्हन, जेल से 12 घंटे के लिए आया दूल्हा; रात होते ही वापस जाएगा अंदर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।