मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में रविवार को दो यात्री ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 88 अन्य घायल हो गए। हादसा गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुआ, जो काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दूर है।
मिस्र के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, फय्यूम प्रांत की ओर जा रही एक ट्रेन ने असवान प्रांत की तरफ जा रही दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक ट्रेन पटरी से उतर गई। हालांकि, मंत्रालय ने यह स्पष्ट नहीं किया कि दोनों में से कौन-सी ट्रेन पटरी से उतरी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और 88 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए आस-पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की बात कही है। हादसे के बाद राहत और बचाव दलों को मौके पर भेजा गया। रेलवे अधिकारियों ने मलबा हटाने और ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए क्रेन और अन्य संसाधन तैनात किए हैं।
इसी जिले में पहले भी हो चुका है हादसा
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में भी इसी अल-अय्यात जिले में दो मालगाड़ियों के बीच टक्कर हुई थी। उस दुर्घटना में एक ट्रेन चालक और उसका सहायक घायल हो गए थे।
केन्या में बस-ट्रक की टक्कर में 22 लोगों की मौत
हाल ही में, केन्या के माकुएनी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था, जहां बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, बस में सवार सभी लोग एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। यह दुर्घटना उस समय हुई है, जब करीब तीन सप्ताह पहले इसी राजमार्ग पर हुए एक अन्य हादसे में 17 लोगों की जान चली गई थी।
ये भी पढ़ें-
पहले चेतावनी दी.. नहीं रुकने पर बमों से किया तबाह; ओमान की खाड़ी में कार्गों शिप पर अमेरिका का हमला
भूकंप के तेज झटकों से हिला जापान, रिक्टर स्केल पर 5.7 की तीव्रता, 22 लोग घायल, दुकानों के शीशे टूटे