हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात पार्किंग को लेकर हुए एक विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया, जिसमें सिंगापुर से शादी अटेंड करने फरीदाबाद पहुंचे परमजीत धनखड़ को उसके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। पड़ोसी आरोपी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत पर 15-16 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें 8-9 गोलियां परमजीत को लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना दिवाली से दो दिन पहले सेक्टर 21C में हुई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या के आरोपी, जिसकी पहचान मोहन उर्फ मोनू शर्मा के रूप में हुई है। SHO ने बताया, "वह रात करीब 8 बजे जिम से घर लौटे थे, तभी पार्किंग को लेकर मोहन उर्फ मोनू शर्मा के साथ उनका विवाद हो गया। मोनू उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता है। बहस बढ़ने पर मोनू ने उन पर गोली चला दी।"
पुलिस, क्राइम ब्रांच के जवान और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम मौके पर पहुंची, जहां से कई खाली कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ दिनों से अनबन चल रही थी।
सूरजकुंड थाना प्रभारी ने किया मर्डर केस का खुलासा
सूरजकुंड स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) प्रहलाद कुमार ने पत्रकारों को बताया, "परमजीत धनखड़ मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी कंपनी में काम करते थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। वह अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही फरीदाबाद लौटे थे, जो 24 नवंबर को होनी है। वह मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे।"
यह घटना तब शुरू हुई जब परमजीत धनखड़ जिम से लौटे और देखा कि सेक्टर 21C की इस बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में उनकी तय जगह पर मोनू शर्मा की कार खड़ी थी। उन्होंने मोनू से कार हटाने के लिए कहा, जिसके बाद हुई बहस हिंसक हो गई। पुलिस के अनुसार, शर्मा अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर पार्किंग एरिया में आया और गोली चला दी।
पुलिस की जांच में पता चला कि मोनू शर्मा का बेटा अपने पालतू कुत्ते को अक्सर पार्किंग एरिया में शौच के लिए ले जाता था, जिसका परमजीत के बेटे, सूर्या ने कई बार विरोध किया था। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी की घटना से चार-पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर बहस हुई थी, हालांकि हर बार मामला शांत हो जाता था।
अधिकारियों ने समाचार एजेंसी IANS को बताया कि हत्या से लगभग पांच दिन पहले, आरोपी ने कथित तौर पर परमजीत के बेटे के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने बताया कि सिंगापुर से वापस घर लौटने के बाद, परमजीत ने एक जिम जॉइन कर लिया था और वह नियमित रूप से वहां जा रहा था।
ये भी पढ़ें:
गुरुग्राम के होटल में UK से लौटे इंजीनियर की संदिग्ध मौत, बाथटब में मिला शव; हादसा, हार्ट अटैक या कुछ और?