नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' का पहला भाग लंबे इंतजार के बाद 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ और अब लगातार हर तरफ इसी के चर्चे हो रहे हैं। इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर ने श्रीराम की भूमिका निभाई है और साई पल्लवी ने माता सीता की। वहीं रावण की भूमिका को लेकर यश शुरुआत से ही काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। 'रामायण' की रिलीज के बाद अब इसके अन्य कलाकार भी सुर्खियों में आ गए हैं, जिनमें काजल अग्रवाल भी शामिल हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में काजल अग्रवाल ने रावण की पत्नी 'मंदोदरी' की भूमिका निभाई है। अब काजल अग्रवाल ने एक पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम को शुक्रिया कहा है।
काजल अग्रवाल ने रामायण में काम करने पर जताई खुशी
काजल अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने किरदार की कुछ खास तस्वीरें शेयर की हैं और एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने 'मंदोदरी' की भूमिका के लिए चुने जाने को लेकर फिल्म के निर्माताओं का आभार जताया है और इस फिल्म का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की है। अपने पोस्ट में काजल अग्रवाल ने लिखा- 'रामायण' जैसी महान कृति से किसी भी रूप में जुड़ना मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात है। भले ही इस फिल्म में मेरी भूमिका छोटी हो, लेकिन एक ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो हमारी संस्कृति, इतिहास और अस्तित्व में गहराई से रची-बसी है, मेरे लिए गर्व की बात है। इतने उत्साही और समर्पित कलाकारों और तकनीशियनों की एक शानदार टीम के साथ जुड़ना, सचमुच मेरे दिल को खुशी से भर देता है।'
नमित मल्होत्रा-नितेश तिवारी का जताया आभार
काजल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में फिल्म के निर्माताओं का आभार व्यक्त करते हुए लिखा- 'मुझे याद करने और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का मौका देने के लिए नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी सर का तहे दिल से शुक्रिया। ये फिल्म भारत की ओर से ग्लोबल सिनेमा की दिशा में एक अहम और बड़ी शुरुआत भी है। यश, रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे, सनी देओल और लारा दत्ता आप सभी कलाकार सच में अद्भुत थे और आप सबसे बहुत प्रेरणा मिलती है। आपका समर्पण, हुनर और लगन हमें याद दिलाते हैं कि हमें हमेशा अपने काम का स्तर ऊंचा रखना चाहिए और अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए।'
सेट पर बिताया अच्छा समय
काजल ने अपने पोस्ट में आगे बताया कि कैसे इस प्रोजेक्ट से अब उनकी कई यादें जुड़ चुकी हैं। उन्होंने लिखा- 'मेरे प्यारे दोस्तों रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और आदिनाथ कोठारे आप सबके साथ स्क्रीन शेयर करना, बात करना और इतनी हंसी-मजाक करना वाकई बहुत ही शानदार रहा! कुछ फिल्मों को किसी किरदार की लंबाई या स्क्रीन पर बिताए समय से नहीं मापा जाता। उन्हें कहानी की व्यापकता, उसे बनाने के पीछे के जुनून, और हमारी सामूहिक आस्था और दिव्यता से गहराई से जुड़ी किसी चीज का हिस्सा बनने के सौभाग्य से मापा जाता है। मेरे दिल की गहराइयों से, आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।'
रामायण की कास्ट
'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर ने प्रभु श्रीराम, साई पल्लवी ने माता सीता, रवि दुबे ने लक्ष्मण और यश ने लंकापति रावण की भूमिका निभाई है। रकुल प्रीत सिंह भी शूर्पणखा के किरदार के लिए काफी चर्चा में हैं। फिल्म के पहले भाग ने 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी है और दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होगा।