1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम के होटल में UK से लौटे इंजीनियर की संदिग्ध मौत, बाथटब में मिला शव; हादसा, हार्ट अटैक या कुछ और?

गुरुग्राम के होटल में UK से लौटे इंजीनियर की संदिग्ध मौत, बाथटब में मिला शव; हादसा, हार्ट अटैक या कुछ और?

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 04, 2026 05:10 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 05:12 pm IST

गुरुग्राम के होटल में 35 साल के इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रांजिल पाठक मूल रूप से यूपी के आगरा का रहने वाला था और यूनाइटेड किंगडम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था।

मृतक प्रांजिल पाठक की...- India TV Hindi
मृतक प्रांजिल पाठक की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल में 35 वर्षीय इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इंजीनियर यूके की एमएनसी में कार्यरत था और पिछले दिनों भारत आया था। इंजीनियर का शव होटल के कमरे में बने जकूजी (बाथटब) के पानी में अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने के बाद डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाल ही में भारत लौटा था प्रांजिल

मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला था और यूनाइटेड किंगडम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह यूके के मैनचेस्टर में रहता था और हाल ही में भारत आया था।

ऋषिकेश से घूमकर लौटा, होटल में संदिग्ध मौत

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, प्रांजिल पाठक भारत आने के बाद उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गया था। सोमवार को ऋषिकेश से लौटने के बाद वह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा, जहां उसने अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाकर विदा किया। इसके बाद उसने गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में रात रुकने के लिए कमरा बुक किया था।

कमरा नंंबर 302 में जकूजी में मिला शव

उसे होटल के कमरा नंबर 302 में ठहराया गया था। देर रात करीब 8 बजे होटल स्टाफ को कमरे में किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद जब कमरे की जांच की गई तो प्रांजिल जकूजी के पानी में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। होटल प्रबंधन ने तुरंत डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं आया नजर

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही होटल की तीसरी मंजिल और एंट्री-एग्जिट गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। जांच अधिकारी के अनुसार, शुरुआती सीसीटीवी जांच में सामने आया है कि प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद कोई बाहरी व्यक्ति वहां जाता हुआ दिखाई नहीं दिया। इसके अलावा कमरे का दरवाजा भी अंदर से लॉक था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

जांच अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर जकूजी में नहाते समय हार्ट अटैक आने, पैर फिसलने या दम घुटने जैसी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

होटल में मिली महिला की लाश, साथ आया युवक फरार

वहीं, आपको बता दें कि 2 दिन पहले फरीदाबाद के एक होटल में 35 वर्षीय महिला चांदनी का शव मिला था। वह शेखर नाम के युवक के साथ पति-पत्नी बताकर होटल में ठहरी थी। महिला की मौत के बाद से युवक गायब है।

(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)

यह भी पढ़ें-

लुधियाना में बॉयफ्रेंड की थार पर गोलियां चलीं, युवती ने कर लिया सुसाइड; भाई बोला- 3 महीने से बहन को परेशान करता था

तिरुवनंतपुरम में लव अफेयर के चलते 17 साल के लड़के की हत्या, बोरे में बंद मिला शव, गर्लफ्रेंड समेत 3 लोग हिरासत में

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।