पंजाब के लुधियाना में थार सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बॉयफ्रेंड पर हुए जानलेवा हमले के बाद 23 वर्षीय युवती रैना धीर ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मामला और उलझ गया है। एक तरफ युवक ने युवती के परिवार पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप लगाया है, तो दूसरी तरफ युवती के परिजनों ने प्रेमी पर उसे लंबे समय से परेशान करने और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बर्थडे पर केक काटने बुलाया, थार पर गोलियों की बौछार
जानकारी के मुताबिक, घटना लुधियाना के शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरन नगर इलाके की है। दिव्यांशु बग्गा ने आरोप लगाया कि 2 नवंबर को अपने जन्मदिन पर केक काटने के लिए उसकी प्रेमिका रैना ने उसे रात करीब साढ़े 12 बजे गली में बुलाया था। वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने उसकी थार गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले ईंट-पत्थरों से हमला किया और फिर करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं।

दिव्यांशु का आरोप है कि इस हमले के पीछे रैना का भाई रोहन धीर और उसकी मां सीमा रानी थे। उसने दावा किया कि यह हमला एक सुनियोजित साजिश के तहत करवाया गया था। फायरिंग के दौरान उसकी थार का टायर भी फट गया, लेकिन वह किसी तरह गाड़ी लेकर मौके से भागने और अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।

युवती के भाई ने बॉयफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं, दिव्यांशु के आरोपों को रैना के परिवार ने पूरी तरह निराधार बताया है। युवती के भाई रोहन धीर ने पलटवार करते हुए दिव्यांशु पर ही गंभीर आरोप लगाए। रोहन का कहना है कि दिव्यांशु पिछले करीब तीन महीने से उसकी बहन को गली में परेशान कर रहा था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था।

परिवार का दावा है कि उन्होंने कई बार दिव्यांशु को ऐसा करने से रोका था। रोहन के मुताबिक, उनके पास कथित आपत्तिजनक मैसेज और पिछले दो महीने की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। युवती की मौत के बाद परिजनों ने सीएमसी अस्पताल चौक पर कुछ देर के लिए जाम लगाकर प्रदर्शन किया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस कर रही दोनों पक्षों के आरोपों की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाने के एसआई हरपाल सिंह के अनुसार, परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
(रिपोर्ट- तुषार भारती)
यह भी पढ़ें-