1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में स्टार्टअप्स को बड़ा सहारा, 31 कंपनियों को मिले ₹1.07 करोड़; नए उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा

पंजाब में स्टार्टअप्स को बड़ा सहारा, 31 कंपनियों को मिले ₹1.07 करोड़; नए उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा

 Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 03, 2026 12:17 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 12:17 pm IST

पंजाब सरकार राज्य में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए तमाम प्रयास कर रही है। सरकार ने 31 कंपनियों को 1.07 करोड़ रुपये की सीड ग्रांट दी है। इससे नए उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा।

पंजाब में स्टार्टअप को मिल रहा बढ़ावा।- India TV Hindi
पंजाब में स्टार्टअप को मिल रहा बढ़ावा। Image Source : REPORTER INPUT

पंजाब के युवाओं के पास अगर कोई नया बिजनेस शुरू करने का आइडिया है, तो उसे हकीकत में बदलने के लिए पंजाब सरकार की शुरुआती आर्थिक मदद बड़ी भूमिका निभा सकती है। कई बार अच्छा आइडिया होने के बावजूद पैसों की कमी के कारण युवा अपना स्टार्टअप शुरू नहीं कर पाते। इसी चुनौती को दूर करने के लिए पंजाब सरकार ने जून 2026 में 31 स्टार्टअप्स को कुल ₹1.07 करोड़ की सीड ग्रांट दी। इस आर्थिक सहायता में से 7 स्टार्टअप्स को ₹5-5 लाख और 24 स्टार्टअप्स को ₹3-3 लाख का फंड मुहैया कराया गया था। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वालों के बजाय नौकरी देने वाले उद्यमियों के रूप में तैयार करना है।

सीड फंड में बढ़ोतरी

'पंजाब स्टार्टअप एंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026' के तहत सीड ग्रैंट की शुरुआती सीमा को ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख कर दिया गया है। शुरुआती आर्थिक तंगी के कारण कई बेहतरीन आइडियाज दम तोड़ देते हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने युवा उद्यमियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा था, "यह मदद केवल वित्तीय सहायता नहीं है; यह आपके विचारों, आपके साहस और आपके भविष्य में पंजाब सरकार के अटूट विश्वास को दर्शाती है। हमारी सरकार धन की कमी के कारण किसी भी युवा उद्यमी के सपनों को टूटने नहीं देगी।"

इन सेक्टर्स को मिला बढ़ावा

यह वित्तीय मदद कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी, गवर्नेंस, टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप्स को दी गई। सरकार को उम्मीद है कि ये 31 स्टार्टअप्स आने वाले समय में राज्य के हजारों युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। इसके साथ ही, उच्च मूल्य वाली कृषि, एग्री-टेक, फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन और एग्री-लॉजिस्टिक्स को भविष्य के मुख्य विकास क्षेत्रों के रूप में देखा जा रहा है।

"पंजाब से निकलें नहीं, पंजाब में ही बनाएं अपनी कंपनी"

फ्लिपकार्ट, जोमैटो और ओला जैसी दिग्गज कंपनियों का उदाहरण देते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा था कि इनके फाउंडर या को-फाउंडर की जड़ें पंजाब से जुड़ी हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की- हमारा लक्ष्य है कि सफल संस्थापकों की अगली पीढ़ी न केवल पंजाब से आए, बल्कि वे अपनी कंपनियों को पंजाब में ही स्थापित और विकसित करें। दक्षिण कोरिया के पैनग्यो टेक्नो वैली और नीदरलैंड के वर्ल्ड हॉर्टिकल्चर सेंटर के मॉडलों का जिक्र करते हुए उन्होंने पंजाब के कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज को इनोवेशन का केंद्र बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं को बड़े सपने देखने और पंजाब के ब्रांड एंबेसडर बनने का संदेश देते हुए कहा था, "पंजाब इनोवेशन के लिए तैयार है, पंजाब स्टार्टअप्स के लिए तैयार है और पंजाब भविष्य के लिए तैयार है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।