1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में AAP को एक और बड़ा झटका, अब अमृतसर नॉर्थ से MLA कुंवर विजय प्रताप सिंह ने दिया इस्तीफा

पंजाब में AAP को एक और बड़ा झटका, अब अमृतसर नॉर्थ से MLA कुंवर विजय प्रताप सिंह ने दिया इस्तीफा

 Reported By: Puneet Pareenja,  Written By: Malaika Imam
 Published : Nov 02, 2026 09:57 am IST,  Updated : Nov 02, 2026 10:32 am IST

पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी से निलंबित विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

कुंवर विजय प्रताप सिंह- India TV Hindi
कुंवर विजय प्रताप सिंह Image Source : PTI

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी से निलंबित विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को भेज दिया है।

अमृतसर नॉर्थ विधानसभा सीट से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रति साझा करते हुए लिखा, "मैंने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।" विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में उन्होंने 1 नवंबर, 2026 से अपना इस्तीफा प्रभावी करने की बात कही है।

इससे पहले 2 और विधायकों ने दिया इस्तीफा 

कुंवर विजय प्रताप सिंह का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब रविवार को आम आदमी पार्टी के दो विधायकों चेतन सिंह जौड़ामाजरा (समाना) और हरमीत सिंह पठानमाजरा (सनौर) ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। लगातार हो रहे इन घटनाक्रमों से पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

गौरतलब है कि कुंवर विजय प्रताप सिंह को पिछले साल जून में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी पर सवाल उठाए थे। मजीठिया को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

कुंवर विजय प्रताप सिंह कई मुद्दों पर भगवंत मान सरकार की खुलकर आलोचना करते रहे हैं। 2015 के बेअदबी और पुलिस फायरिंग मामलों में न्याय मिलने में देरी को लेकर भी उन्होंने सरकार के कामकाज पर नाराजगी जताई थी। वह कोटकपूरा और बहिबल कलां पुलिस फायरिंग मामलों की जांच करने वाली विशेष जांच टीम (SIT) का हिस्सा रह चुके हैं।

विधानसभा में भी उन्होंने कई बार 2015 के बेअदबी मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा अमृतसर में पिछले साल जहरीली शराब के सेवन से 20 से अधिक लोगों की मौत के बाद भी उन्होंने भगवंत मान सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे।

बता दें कि कुंवर विजय प्रताप सिंह ने 2021 में पुलिस सेवा से समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के बाद आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में वह अमृतसर नॉर्थ सीट से विधायक चुने गए थे।

ये भी पढ़ें-

कुशीनगर में कार और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 समेत 6 लोगों की मौत, 2 की हालत नाजुक

गुजरात में बर्थडे पार्टी में छलक रहे थे जाम, तभी पहुंची पुलिस; 38 लोगों पर FIR, 11 बोतलें बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।