1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में बर्थडे पार्टी में छलक रहे थे जाम, तभी पहुंची पुलिस; 38 लोगों पर FIR, 11 बोतलें बरामद

गुजरात में बर्थडे पार्टी में छलक रहे थे जाम, तभी पहुंची पुलिस; 38 लोगों पर FIR, 11 बोतलें बरामद

 Written By: Malaika Imam
 Published : Nov 02, 2026 09:09 am IST,  Updated : Nov 02, 2026 09:15 am IST

राजकोट में एक होटल में चल रही बर्थडे पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान शराब की 11 बोतलें बरामद हुईं। ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब पीने की पुष्टि होने पर 35 मेहमानों और होटल के 3 कर्मचारियों समेत 38 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PEXELS.COM)

गुजरात के राजकोट में एक होटल में आयोजित बर्थडे पार्टी पर पुलिस ने छापेमारी कर 38 लोगों के खिलाफ गुजरात निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें 35 पुरुष मेहमान और होटल के तीन कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की 11 बोतलें भी जब्त की हैं। इनमें कुछ बोतलें खाली थीं, जबकि कुछ में शराब बची हुई थी।

98 लोगों का कराया गया ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, राजकोट के कालावाड रोड स्थित एक होटल में शनिवार रात बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। यहां शराब परोसे जाने और सेवन किए जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया। इसके बाद मेहमानों और होटल कर्मचारियों समेत कुल 98 लोगों के रक्त के नमूने राजकोट सिविल अस्पताल में जांच के लिए भेजे गए। मौके पर किए गए ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद 38 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

पार्टी में 30 महिलाएं भी थीं मौजूद

जोन-2 के पुलिस उपायुक्त राकेश देसाई ने बताया कि पार्टी में करीब 30 महिलाएं भी मौजूद थीं, लेकिन उनमें से किसी के भी शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई। मामला दर्ज किए गए 38 लोगों में 35 पुरुष मेहमान और होटल के तीन कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस पार्टी का आयोजन चिराग पटेल ने अपने जन्मदिन के जश्न के लिए किया था। छापेमारी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की आईएमएफएल की 750 मिलीलीटर वाली 11 बोतलें बरामद की गईं। इनमें कुछ खाली और कुछ में शराब मौजूद थी। पुलिस को मौके से किसी अन्य नशीले पदार्थ की बरामदगी नहीं हुई है।

डीसीपी राकेश देसाई ने बताया कि पार्टी में शामिल ज्यादातर लोग राजकोट और पड़ोसी मोरबी जिले के निवासी थे। पुलिस अब होटल प्रबंधन और आयोजन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के तहत होटल का लाइसेंस, पुराने रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

गौरतलब है कि गुजरात में राज्य गठन के समय से ही शराबबंदी लागू है। यहां शराब का निर्माण, भंडारण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है।

(इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें-

गुप्त कैमरे में कैद हुई पुलिस की करतूत, शिवसेना नेता को फंसाने के लिए ASI ने उसके गद्दे के नीचे रखी हेरोइन, फिर छापेमारी में किया गिरफ्तार

दीपोत्सव की सच्ची भावना क्या है? CM योगी ने जनता के नाम लिखी पाती में बताया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।