1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जालोर के प्रसिद्ध सुंधा माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़, VIDEO देख भड़के लोग; पुलिस ने युवक को दबोचा

जालोर के प्रसिद्ध सुंधा माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़, VIDEO देख भड़के लोग; पुलिस ने युवक को दबोचा

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 03, 2026 06:51 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 07:42 pm IST

जालोर जिले के प्रसिद्ध सुंधा माता मंदिर परिसर में युवतियों से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

सुंधा माता पर्वत पर...- India TV Hindi
सुंधा माता पर्वत पर महिला श्रद्धालुओं से अभद्रता। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के जालोर जिले के प्रसिद्ध सुंधा माता धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर महिला श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवकों पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में आने वाली महिलाओं एवं युवतियों पर फब्तियां कसने तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। बताया गया कि यह घटनाक्रम पिछले सप्ताह नवरात्रि पर्व के बाद का है। वीडियो सामने आने के बाद महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। 

छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

पुलिस थाना जसवंतपुरा को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचोर आवड़दान और वृत्ताधिकारी रानीवाड़ा सुखाराम बिश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी डिम्पल कंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के प्रयास किए।

एक युवक को शांति भंग में किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान नरपत कुमार पुत्र वरधाराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी दांतलावास, तहसील जसवंतपुरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

अन्य युवकों पर कार्रवाई की मांग

वहीं, घटना को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आए एक पक्ष ने दावा किया है कि महिलाओं के साथ अभद्रता से जुड़े एक नहीं, बल्कि कई वीडियो पुलिस को उपलब्ध करवाए गए थे। इस पक्ष ने आरोप लगाया कि वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य युवकों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही पुलिस की कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुए सभी संबंधित युवकों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है।

देश-विदेश से बड़ी संख्या में आते हैं श्रद्धालु

बता दें कि सुंधा माता मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल पर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर मामला चर्चा में है। लोगों की मांग है कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई हो।

(रिपोर्ट -हीरालाल)

यह भी पढ़ें-

यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से कूदकर MBA छात्रा की मौत, कुछ दिन पहले ही मिली थी नौकरी

पैसों के लेनदेन के विवाद के चलते महिला को किया किडनैप, बाद में हत्या कर शव को जलाया, हड्डियों को नदी में फेंका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।