राजस्थान के कोटा के जवाहर नगर थाना इलाके में एक कोचिंग छात्र के सुसाइड का मामला सामने आया है। सोमवार को एक हॉस्टल के कमरे में नाबालिग छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उत्तर प्रदेश का रहने वाला यह छात्र पिछले करीब एक साल से कोटा में रहकर ऑनलाइन माध्यम से जेईई की तैयारी कर रहा था।
फंदे से लटका मिला छात्र
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखवाया। पुलिस के अनुसार, छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हॉस्टल में मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो छात्र बाथरूम के दरवाजे की चौखट पर फंदे से लटका मिला।
कोटा में रहकर कर रहा था तैयारी
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोटा की जवाहर नगर थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि छात्र करीब एक साल से कोटा में रहकर ऑनलाइन जेईई की तैयारी कर रहा था। घटना की सूचना उत्तर प्रदेश में रहने वाले उसके परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के मंगलवार को कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
फिलहाल, छात्र द्वारा सुसाइड किए जाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। छात्र की पढ़ाई, हॉस्टल में रहने की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों के कोटा पहुंचने और जांच के आगे बढ़ने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य पहलू स्पष्ट हो सकेंगे।
कोटा में कोचिंग छात्रा ने दी जान
इससे पहले, कोटा के लैंडमार्क सिटी इलाके में NEET की तैयारी कर रही एक 20 वर्षीय छात्रा ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। छात्रा खुशबू पटेल मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली थी और अपनी छोटी बहन खुशी के साथ कोटा में रह रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब बहन ने सहेली और आस-पास के लोगों को बुलाया। दरवाजा तोड़ने पर छात्रा फंदे पर लटकी मिली।
(रिपोर्ट- दिनेश कश्यप)
ये भी पढ़ें-
मैनपुरी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का वांछित गिरफ्तार