ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ प्लेयर्स में से एक ग्लेन मैक्सवेल ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। मैक्सवेल की ओर से लिए गए इस फैसले ने क्रिकेट फैंस को चौंका कर रख दिया। वैसे तो उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में कई उम्दा और शानदार पारियां खेली हैं। लेकिन साल 2023 के वनडे विश्व कप में उन्होंने जो धमाकेदार दोहरा शतक लगाया था, उसकी मिसाल कहीं नहीं मिलती। एक वक्त टीम के केवल 91 रन पर सात विकेट गिर गए थे, लेकिन उसके बाद मैक्सवेल के बल्ले से डबल सेंचुरी आई, जो आज भी विश्व कप के इतिहास की अद्भुत पारियों में से एक है।
साल 2025 में खेला था आखिरी वनडे मुकाबला
ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोमवार देर रात इस फैसले की जानकारी दी। हालांकि वे लीग क्रिकेट में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। मैक्सवेल ने साल 2025 में ही अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच खेला था, लेकिन टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने इसी साल खेला गया आईसीसी टी20 विश्व कप भी खेला था।
वनडे विश्व कप 2023 में मुंबई में अफगानिस्तान के खिलाफ ठोका था दोहरा शतक
आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच का मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा था। पहले बैटिंग करते हुए अफगानिस्तान ने 291 रनों का एक अच्छा स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सामने 292 रनों का लक्ष्य था। ऑस्ट्रेलियाई टीम बैटिंग के लिए उतरी को ट्रेविस हेड शून्य पर आउट हो गए। डेविड वार्नर 18 और मिचेल मार्श 24 रन बनाकर चलते बने। मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस भी ज्यादा कुछ नहीं कर सके। नंबर छह पर खेलने आए ग्लेन मैक्सवेल को भी शायद पता नहीं होगा कि आज जो काम वे करने जा रहे हैं, वो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा।
संकट से अपनी टीम को उबरने में कामयाब रहे मैक्सवेल
ऑस्ट्रेलिया के विकेट एक छोर से गिरते जा रहे थे, लेकिन दूसरे छोर पर तूफान आया हुआ था। मैक्सवेल इतने आक्रामक थे कि जैसे चौके और छक्कों की झड़ी से लगी थी। केवल 91 रन पर ऑस्ट्रेलिया के सात विकेट गिर गए थे, लेकिन मैक्सवेल ने हिम्मत नहीं हारी। उन्हें कप्तान पैट कमिंस का साथ मिला। ऑस्ट्रेलिया ने 46.5 ओवर में ही 293 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
मैक्सवेल के बल्ले से आई 201 रनों की नाबाद पारी
इस मैच में मैक्सवेल ने 128 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में नाबाद 201 रनों की पारी खेली। दूसरे छोर पर खड़े कप्तान पैट कमिंस ने 68 बॉल खेलकर केवल 12 ही रन बनाए। उनके बल्ले से 21 चौके और दस छक्के आए। आज की तारीख में भी ये पारी अनोखी पारियों में गिनी जाती है। लेकिन अब इंटरनेशनल क्रिकेट में मैक्सवेल दोबारा नहीं दिखाई देंगे। उम्मीद की जानी चाहिए कि वे लीग क्रिकेट खेलते रहेंगे और मैदान से पूरी तरह से दूर नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें
दिल्ली में नहीं खेला जाएगा भारत-श्रीलंका का पहला वनडे! DDCA ने की मैच शिफ्ट करने की मांग