1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'सुबह उठकर सोचता हूं आखिर इतनी मेहनत क्यों करूं' – टीम इंडिया से नजरअंदाज किए जाने पर छलका सरफराज खान का दर्द

'सुबह उठकर सोचता हूं आखिर इतनी मेहनत क्यों करूं' – टीम इंडिया से नजरअंदाज किए जाने पर छलका सरफराज खान का दर्द

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Nov 02, 2026 10:01 pm IST,  Updated : Nov 02, 2026 10:03 pm IST

29 साल के बल्लेबाज सरफराज खान ने टीम इंडिया में दोबारा मौका न मिलने को लेकर एक हैरान करने वाला बयान दिया है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मैच साल 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

Sarfaraz Khan- India TV Hindi
सरफराज खान Image Source : PTI

टीम इंडिया से बाहर चल रहे घरेलू क्रिकेट के धुरंधर बल्लेबाज सरफराज खान ने एक बार फिर अपनी निराशा खुलकर जाहिर की है। रेलवे के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अब सुबह उठकर उनके मन में यही सवाल आता है कि जब टीम में मौका ही नहीं मिलना है, तो वह इतनी कड़ी मेहनत क्यों कर रहे हैं। सरफराज ने बताया कि वह रोज सुबह 5 बजे उठकर अपनी पुरानी रूटीन को फॉलो करते हैं। वह भारत के लिए खेल चुके हैं और मुंबई के लिए लगातार रन बना रहे हैं, लेकिन फिर भी टीम में वापसी का इंतजार लंबा होता जा रहा है।

पिता से मिलती है आगे बढ़ने की प्रेरणा

न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से सरफराज ने बताया कि मुश्किल समय और निराशा के दौर में उनके पिता नौशाद खान ही उनकी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा हैं। सरफराज का कहना है कि जब कभी उनके मन में यह सवाल उठता है कि वह इतनी मेहनत क्यों करें, तब वह अपने पिता को कड़ी मेहनत करते हुए देखते हैं। पिता को देखकर उन्हें फिर से मैदान पर उतरने और उनके लिए रन बनाने की प्रेरणा मिल जाती है। अपनी प्रैक्टिस के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनसे मिलना हो तो उसे घर जाने की जरूरत नहीं है, वह सुबह 6 बजे सीधे आजाद मैदान या क्रॉस मैदान पहुंच जाए, सरफराज वहीं मिलेंगे।

चयनकर्ताओं को सिर्फ घरेलू पिचों के लिए उपयोगी लगती है मेरी सेवाएं- सरफराज

फरवरी 2024 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सरफराज ने अब तक अपने सभी छह टेस्ट मैच देश में यानी घरेलू मैदानों पर ही खेले हैं। उन्होंने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लगता है कि टीम मैनेजमेंट उनकी सेवाएं सिर्फ भारत की घरेलू पिचों पर ही देख रहा है, हालांकि चयनकर्ताओं ने उन्हें इस बारे में सीधे तौर पर कुछ नहीं बताया है।

विदेशी दौरों पर मौका न मिलने पर हैरानी जताते हुए सरफराज ने साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के दौरों का जिक्र किया, जहां उन्होंने 'इंडिया ए' की तरफ से खेलते हुए अभ्यास मैचों में शानदार शतक जड़े थे। उन्होंने साफ किया कि वह इन बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते, उनका काम सिर्फ क्रिकेट खेलना है। अगर चयनकर्ता उन्हें चुनेंगे तो वह देश के लिए खेलेंगे, वरना घरेलू क्रिकेट खेलते रहेंगे और वहां रन बनाते रहेंगे।

यह भी पढ़ें

एशिया कप राइजिंग स्टार के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को मिली जगह, तिलक वर्मा करेंगे कप्तानी

ICC ODI रैंकिंग में अफगानिस्तान ने पहली बार टॉप-6 में बनाई जगह, श्रीलंका-इंग्लैंड को छोड़ा पीछे, भारत नंबर 1 पर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।