भिण्ड: जिले की देहात थाना पुलिस ने ग्राम मानपुरा रोड स्थित खंती में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले का खुलासा करते हुए मृतक के पिता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पिता ने अपने ही पुत्र की हत्या के लिए तीन लोगों को एक-एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अर्टिगा कार तथा सुपारी की राशि में से डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
बोरी और तिरपाल में लिपटा मिला शव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 और 27 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात सिद्धेश्वर गार्डन के पास उमरी रोड स्थित ग्राम मानपुरा की खंती में एक काला बोरा पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें प्लास्टिक की बोरी और तिरपाल में लिपटा एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव पर नमक और डिटर्जेंट डाला गया था तथा मृतक के हाथ, पैर और गर्दन रस्सी से बंधे हुए थे। शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए। प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को इस तरह फेंके जाने की आशंका पर थाना देहात में हत्या एवं साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जल्द ही पुलिस को हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफलता भी मिल गई है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध अर्टिगा कार का आवागमन सामने आया। वाहन की जानकारी जुटाने पर पुलिस उत्तर प्रदेश के उरई पहुंची, जहां कार मालिक ने बताया कि उसने कार मोहल्ले के एक परिचित को दी थी। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पिता ने ही बनाई थी हत्या की योजना
पूछताछ में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था, जिससे परिवार परेशान रहता था। इसी कारण पिता ने अपने घर में रहने वाले एक किरायेदार के साथ मिलकर बेटे की हत्या की योजना बनाई। किरायेदार ने अपने दो अन्य साथियों को भी इस साजिश में शामिल कर लिया। योजना के अनुसार 26 अक्टूबर को तीनों आरोपी किराये की अर्टिगा कार से ग्वालियर पहुंचे, जबकि मृतक का पिता बस से वहां पहुंचा। उसने मंथन नशा मुक्ति केंद्र से अपने पुत्र को डिस्चार्ज कराया और सिरोल तिराहे पर तीनों आरोपियों के हवाले कर दिया। इसके बाद पिता बस से वापस लौट आया और घर पहुंचकर परिजनों को झूठी जानकारी दी कि उसका बेटा रेलवे स्टेशन से भाग गया है, जबकि उसे पहले से हत्या की जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने रास्ते में युवक की हत्या कर दी और शव की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर नमक एवं डिटर्जेंट डालकर प्लास्टिक की बोरी और तिरपाल में लपेट दिया। इसके बाद शव को भिण्ड लाकर थाना देहात क्षेत्र के ग्राम मानपुरा स्थित खंती में फेंक दिया गया।
पिता ने तीन लाख की दी थी सुपारी
पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता ने हत्या के लिए तीनों आरोपियों को एक-एक लाख रुपये देने की सुपारी तय की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के उरई से मृतक के पिता सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार और सुपारी की राशि में से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। (इनपुट- परानिधेश भारद्वाज)
यह भी पढ़ें-
एक झटके में उजड़ गया परिवार, शख्स ने मां-पत्नी और दो बच्चों का किया मर्डर, खुद ट्रेन से कटकर दी जान