केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन, साउथ अफ्रीका के बैटिंग कोच एश्वेल प्रिंस और खिलाड़ी काइल वेरेन को आईसीसी (ICC) के नियमों का उल्लंघन करने पर फटकार लगाई गई है। इन दोनों पर यह कार्रवाई एक ही घटना के लिए की गई है, जो साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी के दौरान ओपनर मार्केस एकरमैन के आउट होने के बाद हुई थी। एकरमैन ने आउट दिए जाने के फैसले के खिलाफ DRS लेना चाहा, लेकिन अंपायरों ने यह कहकर मना कर दिया कि अपील 15 सेकंड के समय के अंदर नहीं की गई थी, इसलिए अब रिव्यू नहीं मिल सकता।
एश्वेल प्रिंस ने अंपायर के साथ किया बहस
जब बल्लेबाज एकरमैन पवेलियन लौट रहे थे, तब कोच एश्वेल प्रिंस ने अंपायरों से बार-बार बहस किया। उन्होंने अंपायर से कहा कि रिव्यू लेने के लिए अभी समय बचा है। दूसरी तरफ खिलाड़ी काइल वेरेन जो इस मैच की प्लेइंग इलेवन में नहीं थे उन्होंने एकरमैन को बाउंड्री लाइन के अंदर ही रुकने के लिए कहा, जिससे उनके मैदान से बाहर जाने में देरी हो गई। अब इस पूरे मामले पर ICC ने कड़ा एक्शन लिया है। बता दें कि ICC ने हाल ही में पाकिस्तान की टीम पर भी जुर्माना लगाया था।
प्रिंस और वेरेन ने मान ली अपनी गलती
आईसीसी ने अपने बयान में बताया है कि प्रिंस और वेरेन को आचार संहिता के नियम 2.8 के तहत दोषी पाया गया है। यह नियम इंटरनेशनल मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने या बहस करने से जुड़ा है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध था, इसलिए उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। प्रिंस और वेरेन ने अपनी गलती मान ली और आईसीसी के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा सुनाई गई सजा को भी स्वीकार कर लिया। इसलिए, इस मामले में किसी पूछताछ या औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
साउथ अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज को 2-1 से किया अपने नाम
प्रिंस और वेरेन पर ये आरोप ऑन फिल्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और रिचर्ड केटलबोरो, थर्ड अंपायर क्रिस गैफनी और फोर्थ अंपायर लुबाबालो गकुमा ने लगाए थे। लेवल 1 के इस नियम तोड़ने पर कम से कम आधिकारिक चेतावनी मिलती है और ज्यादा से ज्यादा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना या एक-दो डिमेरिट पॉइंट की सजा मिल सकती है। उधर, केप टाउन टेस्ट मैच के चौथे दिन शानदार वापसी करने और आखिरी दिन खतरनाक गेंदबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर 2-1 से यह टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली।
यह भी पढ़ें
टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने किया टीम का ऐलान, 29 साल के बल्लेबाज की हुई वापसी