1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. गोल्डी बराड़ को FBI ने 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल किया, 10 लाख डॉलर तक का इनाम देने की भी घोषणा

गोल्डी बराड़ को FBI ने 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल किया, 10 लाख डॉलर तक का इनाम देने की भी घोषणा

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 29, 2026 06:22 am IST,  Updated : Sep 29, 2026 06:50 am IST

अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने गोल्डी बराड़ पर शिकंजा कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एक तरफ गोल्डी को मोस्ट वांटेड की लिस्ट में शामिल किया गया है, वहीं दूसरी तरफ उसके खिलाफ इनाम की भी घोषणा की गई है।

Goldy Brar- India TV Hindi
गोल्डी बराड़ Image Source : REPORTER INPUT

वाशिंगटन: अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) ने कुख्यात गैंगेस्टर सतिंदरजीत सिंह (गोल्डी बराड़) को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़े की सूची में शामिल किया है। गोल्डी बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित तौर पर जुड़े होने का आरोप है।  सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर (करीब 8.3 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की गई है।

बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई इस समय भारत की जेल में बंद है और कथित तौर पर जेल के अंदर से ही एक बड़ा आपराधिक नेटवर्क चला रहा है। कहा जाता है कि उसके ग्रुप में सैकड़ों शूटर हैं। हाल ही में भारत में हुई कई हत्याओं में लॉरेंस बिश्नोई का नाम चर्चा में आया था, जिसमें पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या प्रमुख है।

कैसे काम करता है गोल्डी बराड़ का ग्रुप?

FBI के मुताबिक, यह गिरोह दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा में विभिन्न हिंसक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल है। गोल्डी बराड़ को हथियारबंद, खतरनाक और भागने की फिराक में रहने वाला माना जाना चाहिए।

गोल्डी पर क्या-क्या आरोप हैं?

FBI ने कहा है कि गोल्डी पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, मर्डर, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट और नशीले पदार्थों व हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है। वह अमेरिका में रहता है और उत्तरी अमेरिका में ग्रुप का कथित लीडर है।

एक जुलाई को गोल्डी के खिलाफ जारी हुआ था फेडरल वारंट

1 जुलाई को, यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ कैलिफ़ोर्निया) में गोल्डी के खिलाफ गिरफ्तारी का फेडरल वारंट जारी किया गया था। उस पर 'रैकेटीयर इन्फ़्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइज़ेशन्स' (RICO) साजिश; जबरन वसूली के जरिए व्यापार में दखल देने की साजिश और कोशिश; और प्रतिबंधित पदार्थों को बांटने और बांटने के इरादे से उन्हें अपने पास रखने की साजिश के आरोप लगाए गए थे।

ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद हुई थी भगोड़ों की पहचान

गोल्डी उन भगोड़ों में शामिल था जिनकी पहचान 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के बाद की गई थी। यह भारत-स्थित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों के खिलाफ कई वर्षों तक चली एक संघीय जांच थी।

जुलाई में, अमेरिकी अधिकारियों ने ऐसे तीन समूहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की घोषणा की। FBI के अनुसार, एक आरोप-पत्र 'बिश्नोई नेटवर्क' पर केंद्रित था, जिसमें गोल्डी कथित तौर पर इसके लीडरों में से एक के तौर पर काम कर रहा था। जांचकर्ताओं का आरोप है कि गोल्डी ने दुनियाभर में इस नेटवर्क के सदस्यों और सहयोगियों को निर्देश देने में मदद की।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि गोल्डी बराड़ ने हरदीप निज्जर की हत्या कराने का दावा किया और कहा कि 'वह छोटे बच्चों से ड्रग्स बिकवाता था।' (इनपुट- PTI से भी)

ये भी पढ़ें-

गोल्डी बराड़ गैंग का कुख्यात ऑपरेटिव आरिफ उर्फ ‘पिस्तौल’ गिरफ्तार, गुजरात और दिल्ली पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।