1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गुपचुप तरीके से UAE पहुंचे नेतन्याहू, राष्ट्रपति नाहयान से की मुलाकात; आखिर इस सीक्रेट मीटिंग में क्या हुआ

गुपचुप तरीके से UAE पहुंचे नेतन्याहू, राष्ट्रपति नाहयान से की मुलाकात; आखिर इस सीक्रेट मीटिंग में क्या हुआ

 Written By: Amar Deep
 Published : Sep 28, 2026 05:08 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 06:14 pm IST

इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने यूएई का गुप्त दौरा किया। जानकारी के मुताबिक उन्होंने राष्ट्रपति अल नाहयान से मुलाकात भी की।

नेतन्याहू ने राष्ट्रपति नाहयान से की गुप्त मुलाकात।- India TV Hindi
नेतन्याहू ने राष्ट्रपति नाहयान से की गुप्त मुलाकात। Image Source : AP/FILE

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस वीकेंड गुप्त रूप से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा की। इस यात्रा का मकसद UAE के राष्ट्रपति से उन खबरों का खंडन करने के लिए कहना था, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने इजरायली नेता को हमास के उस हमले के बारे में चेतावनी दी थी जो 7 अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हुआ था। इजरायली नेता की यात्रा की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की। उनके मुताबिक नेतन्याहू और UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच रविवार को बैठक हुई थी।

नेतन्याहू ने क्यों किया गुप्त दौरा?

बता दें कि नेतन्याहू की यात्रा की खबर सबसे पहले इजरायल के चैनल 12 टीवी स्टेशन ने दी थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि बातचीत का मुख्य विषय इजरायली अखबार 'हारेट्ज़' में इस महीने की शुरुआत में छपी एक रिपोर्ट थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि अमीराती नेता ने नेतन्याहू को हमास के हमले के बारे में चेतावनी दी थी, जो 7 अक्टूबर, 2023 को हुआ था और जिसके कारण युद्ध शुरू हुआ। बैठक के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी रखने का दावा करने वाले व्यक्ति के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद से उस रिपोर्ट का खंडन करने को कहा।

दोनों देशों की तरफ से नहीं की गई आधिकारिक पुष्टि

वहीं नेतन्याहू के कार्यालय ने पहले ही 'हारेट्ज़' की रिपोर्ट का खंडन किया था। उस व्यक्ति ने और बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले एक क्षेत्रीय अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर इस गुप्त यात्रा के बारे में बात की। UAE के विदेश मंत्रालय ने बैठक के बारे में खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लेकिन उसने कहा कि वह इजरायल के साथ "खुले और सीधे संचार माध्यम" बनाए रखता है और "सभी संबंधित खुफिया जानकारी" साझा करता है। वहीं नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से इस पर कोई तत्काल टिप्पणी नहीं आई।

7 अक्टूबर 2023 को क्या हुआ था?

बता दें कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के उग्रवादियों ने इजरायल पर 5000 से अधिक रॉकेट दागने का दावा किया। वहीं इजरायली सेना के मुताबिक उनकी तरफ से भी गाजा पट्टी में कुछ ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया गया। वहीं आतंकवादी समूह हमास द्वारा इजरायल के खिलाफ नये सैन्य अभियान की घोषणा के बाद यरूशलम में लगातार सतर्क करने वाले सायरन सुने गए। इजराइल द्वारा रॉकेट-रोधी प्रणाली तैनात किए जाने के बाद कम से कम तीन विस्फोट की आवाज सुनी गईं। (इनपुट- AP)

यह भी पढ़ें-

मिडटर्म इलेक्शन से पहले ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है अमेरिका, ट्रंप बोले- "हम बहुत जल्द जीतने वाले हैं"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।