1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. घर के बाहर शोर का विरोध करने पर मणिपुर के पूर्व संगीतकार की दिल्ली में पीट-पीटकर हत्या, डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मियों पर पिटाई का आरोप

घर के बाहर शोर का विरोध करने पर मणिपुर के पूर्व संगीतकार की दिल्ली में पीट-पीटकर हत्या, डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मियों पर पिटाई का आरोप

दिल्ली के किलोकरी गांव में 54 साल के रिटायर्ड संगीतकार विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक ने घर के सामने डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों के कथित शोर-शराबे और हंगामे का विरोध किया था।

मणिपुर के पूर्व संगीतकार की दिल्ली में पीट-पीटकर हत्या- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मणिपुर के पूर्व संगीतकार की दिल्ली में पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली  के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत किलोकरी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक ने अपने घर के बाहर ढाबा कर्मचारियों और डिलीवरी बॉयज द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे का विरोध किया था। विरोध करने पर 54 वर्षीय विक्रम सिंह की लात-घूंसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है इसमें एक नाबालिग भी शामिल है।

ASI वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई जांच

7 सितंबर को सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन में GD नंबर 10A के तहत एक PCR कॉल मिली।  यह कॉल किलोकारी गांव के रहने वाले 54 वर्षीय सी.विक्रम सिंह के साथ मारपीट के बारे में थी। जरूरी कार्रवाई के लिए यह मामला ASI वीरेंद्र सिंह को सौंपा गया है। शुरुआती जांच से पता चला कि मृतक एक रिटायर्ड म्यूजिशियन थे और उन्होंने अपने घर के सामने डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे का विरोध किया था।

शोर मचाने का विरोध करने पर हुआ हमला

मृतक विक्रम सिंह एक रिटायर्ड म्यूजिशियन थे और उन्होंने अपने घर के सामने डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे और उपद्रव पर आपत्ति जताई थी। जब विक्रम सिंह ने नीचे उतरकर उन लोगों को मना किया और आपत्ति जताई  तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। उनके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद उनके बेटे याइफाबा गंभीर हालत में विक्रम सिंह को इलाज के लिए तुरंत पास के होली फैमिली हॉस्पिटल ले गए। इलाज के दौरान विक्रम सिंह की मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियां

घटना की सूचना मिलने पर पीसीआर कॉल (GD No. 10A) दर्ज की गई और मामले की जांच सनलाइट कॉलोनी थाने के एएसआई वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई।  पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  मारपीट और मौत की वजहों का पता लगाया जा रहा है और जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कुछ संदिग्धों (जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं) को हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान और तथ्य सामने आएंगे। हत्या की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें-

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर हाईकोर्ट सख्त, एमसीडी और दिल्ली सरकार को नोटिस, कहा-जिम्मेदारी से नहीं भाग सकते