1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Gurugram Hit And Run Case में खुलासा, टक्कर मारने से पहले कल्याण बैंसला ने सिया पर की थी अभद्र टिप्पणी

Gurugram Hit And Run Case में खुलासा, टक्कर मारने से पहले कल्याण बैंसला ने सिया पर की थी अभद्र टिप्पणी

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कल्याण बैंसला ने सिया की बाइक को टक्कर मारने से पहले उसपर अभद्र टिप्पणी की थी। पुलिस ने बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुग्राम हिट एंड रन केस- India TV Hindi
गुरुग्राम हिट एंड रन केस

गुरुग्राम की सड़क पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने वाले कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा के पास गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि कल्याण बैंसला ने बाइक सवार महिला को टक्कर मारने से पहले उसके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं। घटना में बताया गया है कि बैंसला की कार की टक्कर से बाइक सवार महिला कई मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के दो दिन बाद बैंसला को दौसा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पीछे से तेज रफ्तार मारुति सुजुकी सियाज से अप्रैलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही महिला को टक्कर मारी थी।

दोस्त की गाड़ी चला रहा था आरोपी बैंसला
गुरुग्राम के डीसीपी संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता के मुताबिक घटना से पहले बैंसला ने उसके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे पूछताछ तथा जांच के लिए उसकी हिरासत का अनुरोध किया जाएगा। डीसीपी ने कहा कि घटना का वीडियो सामने आते ही पुलिस ने कैमरे में दर्ज चालक की धुंधली तस्वीर के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। महिला की पहचान शिवानी चौहान उर्फ सिया के रूप में हुई है।  उन्होंने बताया कि बैंसला जिस कार को चला रहा था, वह उसके एक दोस्त की थी।

बैंसला के दावे पर पुलिस का बयान
सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अभिलक्ष जोशी के अनुसार, प्राथमिकी में शुरुआत में आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बैंसला ने दावा किया है कि यह महज एक दुर्घटना थी। चौहान ने एक वीडियो में सवाल उठाया कि अगर ऐसा ही था तो टक्कर के बाद आरोपी ने घटनास्थल पर रुककर उनकी मदद क्यों नहीं की, जबकि वह सड़क पर गिर गई थीं।

शादीशुदा और दो बच्चों का बाप है बैंसला
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। चौहान ने कहा कि इस घटना में उनकी जान भी जा सकती थी। पुलिस ने बताया कि हरियाणा के पलवल जिले के टिकरी गुर्जर गांव का निवासी 32 साल का कल्याण बैंसला किसान परिवार से ताल्लुक रखता है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। 

(इनपुट-पीटीआई)

ये भी पढ़ें:
'महिलाओं को दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर अनसेफ फील होता है', लेडी बाइकर सिया का Video, बोली- 'मेरी जान जा सकती थी'