1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. पति ने भारी बैटरी से पीट-पीटकर पत्नी को मार डाला, गुनाह के बाद खुद भी जहर खाकर खत्म कर ली जिंदगी

पति ने भारी बैटरी से पीट-पीटकर पत्नी को मार डाला, गुनाह के बाद खुद भी जहर खाकर खत्म कर ली जिंदगी

दिल्ली के तिलंगपुर कोटला गांव में एक शख्स ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हमले के बाद उसने खुद एल्युमिनियम फॉस्फाइड की गोलियां खा लीं। दोनों की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

देश की राजधानी दिल्ली के रनहोला इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने फोन पर किसी और से बात करने के शक में अपनी पत्नी की बैटरी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 02 जुलाई की है। मृतक पति की पहचान विनय (28 वर्ष) और पत्नी की पहचान निशा (24 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की शादी 5 साल पहले हुई थी और उनकी 3 साल की एक बेटी भी है। वे पिछले 6-7 महीनों से बाहरी दिल्ली के तिलंगपुर कोटला गांव में किराए के मकान में रह रहे थे।

घटना वाले दिन विनय को अपनी पत्नी निशा पर किसी और से फोन पर बात करने का शक हुआ। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि विनय ने पास रखी एक भारी बैटरी से निशा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

वारदात के बाद खुद भी दी जान

निशा को लहूलुहान हालत में छोड़कर विनय ने एल्युमीनियम फॉस्फाइड (जहर) खा लिया। इसके बाद वह अपनी 3 साल की मासूम बेटी को लेकर पास ही कोटला विहार फेज-एक में अपनी मां के किराए के घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन प्रिया को बताया कि उसने निशा की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है।

विनय की बात सुनकर जब उसकी बहन प्रिया तुरंत उसके कमरे पर पहुंची, तो वहां निशा खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। प्रिया ने तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को इस बात की सूचना दी।

अस्पताल में दोनों को बताया गया मृत

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल निशा और विनय दोनों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने निशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जहर के असर के कारण विनय ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।

इस मामले में रनहोला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

ये भी पढ़ें-

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 'मौत का स्टंट', पैर ऊपर कर बाइक चलाता दिखा युवक, देखें खौफनाक वीडियो

मां ने एसिड पिलाया, बाप ने दबाई गर्दन, बेटे को क्यों दी खौफनाक मौत? बहू ने किया पर्दाफाश