A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर दिल्ली में "रन फॉर यूनिटी" का आयोजन, इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर दिल्ली में "रन फॉर यूनिटी" का आयोजन, इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली में मैराथन रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया है। इस मौके पर इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा भी मौजूद रहे।

इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा

नई दिल्लीः देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी शुक्रवार को "रन फॉर यूनिटी 2025" का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर आयोजित किया गया। दिल्ली के महरौली में आयोजित कार्यक्रम में इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद वे खुद दौड़ में शामिल हुए। लोगों के साथ उन्होंने भी दौड़ लगाई। 

रजत शर्मा ने दी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि 

इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित किया। सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए रजत शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल जिस समय देश के गृह मंत्री बने, उस समय पूरा देश 500 से ज्यादा रियासतों, राजवाड़ों और छोटे-छोटे राज्यों में बंटा हुआ था। उस समय देश का विभाजन हुआ था। आज हम एकता दिवस इसलिए मना रहे हैं क्योंकि सरदार पटेल जी की 150वीं जयंती है।

उन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोया था। पटेल जी की यूनिटी का संदेश याद करने का आज से बेहतर दिन नहीं हो सकता। जब बहुत सारी ताकतें देश को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं। हमें नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में सरदार पटेल की जयंती मनाना और एकता का संदेश देना जरूरी है। मुझे लगता है कि साउथ दिल्ली ने जो रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया है, उससे देश की एकता, अखंडता और सरदार पटेल जी का संदेश पूरे देश में जाएगा। 

यहां देखें वीडियो

पुलिस अधिकारियों ने रजत शर्मा को धन्यवाद दिया

इस कार्यक्रम में स्पेशल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर मधुप तिवारी,ज्वाइंट कमिश्नर साउदर्न रेंज संजय जैन और डीसीपी साउथ अंकित चौहान समेत तमाम आला पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर स्पेशल कमिश्नर मधुप तिवारी और डीसीपी साउथ अंकित चौहान ने इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा को रन फॉर यूनिटी में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता का संदेश

बता दें कि इस वर्ष लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर समाज में एकता, अखंडता और सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है।