1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, पांच IPS अधिकारियों के तबादले, कई को अतिरिक्त जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, पांच IPS अधिकारियों के तबादले, कई को अतिरिक्त जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस में तैनात पांच आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है। दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने बुधवार को पांच IPS अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए।

आईपीएस ट्रांसफर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आईपीएस ट्रांसफर

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए पांच आईपीएस आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है। उपराज्यपाल ने पुलिस स्थापना बोर्ड की सिफारिश पर इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

चिन्मय बिस्वाल को ऑपरेशंस की कमान

इस आदेश के मुताबिक 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी चिन्मय बिस्वाल को ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ऑपरेशंस) नियुक्त किया गया है। उन्हें ज्वाइंट CP/IFSO का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

ईश सिंघल आर्थिक अपराध शाखा में भेजे गए

वहीं 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी ईश सिंघल को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, आर्थिक अपराध शाखा (EOW) बनाया गया है। जबकि 2010 बैच के ही आईपीएस दिनेश कुमार गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, DPHCL नियुक्त किया गया है।

वहीं विकास कुमार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, DPHCL के साथ अतिरिक्त रूप से ट्रैफिक का प्रभार दिया गया है। विकास 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। 

 ईशा सिंह को DCP/वेलफेयर नियुक्त किया गया

वहीं 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी ईशा सिंह  को DCP/वेलफेयर के पद पर तैनात किया गया है और उन्हें DCP/लीगल सेल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

इससे पहले मई महीने में दिल्ली पुलिस में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों और दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पुलिस सेवा (DANIPS) के 14 अधिकारियों का तबादला कर दिया गया था।

थाना दिवस-जनसुनवाई' कार्यक्रम 

बता दें कि पिछले शनिवार को अपने सभी 15 पुलिस जिलों में साप्ताहिक 'थाना दिवस-जनसुनवाई' कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 1,489 शिकायतों और समस्याओं को सुना गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।  दिल्ली पुलिस की ओर से जनसुनवाई की पहल पिछले जून महिने से शुरू की गई है। यह कार्यक्रम शिकायतकर्ताओं और स्थानीय निवासियों को पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें, चिंताएं और सुझाव रखने के लिए एक सीधा मंच प्रदान करता है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि हाल में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा उठाए गए मामलों को वरिष्ठ अधिकारियों ने सुना और उचित कार्रवाई तथा जल्द समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कार्यक्रमों में वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि उनकी समस्याओं का समाधान उचित स्तर पर किया जाए तथा मामलों की प्रभावी तरीके से निगरानी की जाए। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के निर्देश पर जून 2026 में 'थाना दिवस-जनसुनवाई' पहल की शुरुआत की गई थी।

ये भी पढ़ें:
दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह, 61 टीमों की ताबड़तोड़ छापेमारी में 81 भगौड़े क्रिमिनल अरेस्ट