1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 10 हजार छात्र-छात्राओं के लिए बनाएगी हॉस्टल, CM रेखा गुप्ता का VIDEO सामने आया

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 10 हजार छात्र-छात्राओं के लिए बनाएगी हॉस्टल, CM रेखा गुप्ता का VIDEO सामने आया

दिल्ली सरकार ने दिल्ली में 10 हजार छात्र और छात्राओं के लिए हॉस्टल बनाने का फैसला किया है। इस बारे में खुद सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी दी है।

Rekha Gupta- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/OFFICIALREKHAGUPTA सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली: दिल्ली से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार ने 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने का फैसला किया है। इन हॉस्टल में दिल्ली की किसी भी यूनिवर्सिटी के छात्र रह सकेंगे।

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने क्या बताया?

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बताया, "ये बात बिल्कुल सही है कि जब हम दिल्ली को और बड़े शिक्षा केंद्र के रूप में देखना चाहते हैं, तो यहां पर महाविद्यालयों के साथ, विश्वविद्यालयों के साथ-साथ छात्रावास की आवश्यकताओं को भी पूरा करना जरूरी है। लाखों बच्चे दिल्ली शहर में पढ़ने के लिए आते हैं, परंतु प्रवेश मिल जाता है, छात्रावास नहीं मिलता। दिल्ली सरकार ने ये तय किया है कि 10,000 बच्चों के लिए सरकार छात्रावास बनाएगी, जहां उनकी सुरक्षा और किफायती आवास की चिंता की जाएगी।"

रेखा गुप्ता ने कहा, "ये छात्रावास लड़कियों के लिए भी बनाए जाएंगे और लड़कों के लिए भी। यहां पर किसी भी विश्वविद्यालय में या महाविद्यालय में पढ़ने वाला विद्यार्थी आकर छात्रावास सुविधा ले सकेगा और इसके लिए हमने अलग-अलग विभाग, जो छात्रावास बना सकते हैं, उनके साथ में बैठकें की हैं। स्थानों को चिन्हित किया है और पॉलिसी भी ड्रॉफ्ट करना शुरू कर दिया है।"

रेखा गुप्ता ने कहा, "इन बच्चों की क्या जरूरतें हैं और छात्रावासों में किन सुविधाओं को बच्चों को दिया जाना चाहिए, इसका ध्यान रखा जाएगा। मैं विश्वास दिलाती हूं कि हम ऐसे छात्रावास बनाएंगे कि जहां देशभर से, अलग-अलग राज्यों से आने वाले अभिभावक अपने बच्चों को निश्चिंत होकर यहां पर छोड़ सकें और बच्चा भी इस चिंता में न रहे, क्या खाना है, कहां रहना है, बल्कि वो अपने सपनों पर ध्यान केंद्रित कर सके। हम उसके साथ हैं। जय हिंद, जय भारत।"

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बिल्डिंग गिर गई थी। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई थी। जो बिल्डिंग गिरी थी, उसमें पीजी चलता था और कई छात्र उसमें रहते थे। इस घटना के सामने आने के बाद दिल्ली सरकार ने गैरकानूनी तरीके से बनी बिल्डिंग के खिलाफ अभियान चलाया था और कई बिल्डिंग के खिलाफ कार्रवाई की थी।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में MCD का बड़ा एक्शन हुआ था और 41 जगहों पर बुलडोजर चला था। इस दौरान 61 संपत्तियां सील हुई थीं।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में अचानक 4 मंजिला इमारत झुकने से हड़कंप! आननफानन में खाली कराई गई पूरी बिल्डिंग