1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. क्रिकेट ग्राउंड में खूनी खेल, मैच के दौरान हुआ झगड़ा, तो बल्ले से पीट-पीटकर की शादीशुदा युवक की हत्या

क्रिकेट ग्राउंड में खूनी खेल, मैच के दौरान हुआ झगड़ा, तो बल्ले से पीट-पीटकर की शादीशुदा युवक की हत्या

दिल्ली के भारत नगर थाना इलाके में क्रिकेट ग्राउंड में झगड़े के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। झगड़े में अंदरूनी चोटों की वजह से शादीशुदा विशाल की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर थाना इलाके की है। क्रिकेट मैच खेलने के दौरान शनिवार को हुए झगड़े में युवक की बल्ले से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि झगड़े में अंदरूनी चोटों की वजह से विशाल कुमार की मौत हो गई। 

जानकारी के मुताबिक, भारत नगर थाना इलाके की अशोक विहार में एक ग्राउंड में क्रिकेट खेल रहे कुछ लड़कों के बीच झगड़ा हुआ। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि क्रिकेट मैच के दौरान अपने भाई और अन्य खिलाड़ियों के बीच हुए झगड़े में हस्तक्षेप करने की कोशिश करने के दौरान विशाल कुमार की पीटकर हत्या कर दी गई। 

भाई को ग्राउंड पर बुलाया

विशाल के भाई कुणाल का क्रिकेट खेलने दौरान अपने ही कुछ दोस्तों से झगड़ा हुआ। कुणाल ने अपने भाई विशाल को फोन कर ग्राउंड में बुला लिया। विशाल के आते ही मारपीट शुरू हो गई, जहां आरोपी लड़कों ने विशाल की बुरी तरीके से पिटाई शुरू कर दी। इससे विशाल बुरी तरह जख्मी होकर ग्राउंड में पड़ा रहा। हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस को इस पूरी वारदात की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने घायल हालत में विशाल को नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के सिलसिले में हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए दल गठित किय गए हैं।

एक साल का बेटा हुआ अनाथ

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, विशाल के परिवार में उनकी पत्नी और एक साल का बेटा है, जो प्रताप नगर इलाके में रहते हैं। उसका छोटा भाई और बहन पढ़ाई कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि विशाल सदर बाजार में एक सौंदर्य प्रसाधन फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने कहा कि उसका छोटा भाई कुणाल उसके घर के पास क्रिकेट खेलने गया था, जहां कुणाल और अन्य लड़कों के बीच झगड़ा हुआ। कुणाल ने अपने भाई विशाल को बुलाया। विशाल जब वहां पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे क्रिकेट के बल्ले से पीटा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान हो गई है। (भाषा)

ये भी पढ़ें-