देश की राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी से एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। इस वारदात में दो युवक जिन पर चाकू से हमला किया गया, वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आस-पास के लोगों ने तुरंत ही इन घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरा मामला समझा और आगे की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे हैं और पुलिस उनकी खोज में लगी है। चलिए जानते हैं क्या था ये पूरा मामला।
DJ के पैसों को लेकर हुआ विवाद
जानकारी अनुसार, DJ के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। जिस पर कुछ युवकों ने आकाश और राकेश नाम के दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि समय पर उपचार मिलने के कारण दोनों खतरे से बाहर हैं और उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों का मुख्य निशाना आकाश नाम का युवक था। लेकिन जब राजेश ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। दोनों युवक को घायल अवस्था में देख स्थानीय लोगों ने तुरंत ही उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद घटना की सूचना मंगोलपुरी थाना पुलिस को दी गई।
दहशत में लोग
मंगोलपुरी में हुई इस वारदात से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले आकाश का जन्मदिन था, जिसमें DJ लगवाया गया था। आरोप है कि DJ के बकाया पैसों को लेकर ही विवाद चल रहा था। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया था कि इसने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(मंगोलपुरी से दीपक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
दिल्ली-एनसीआर में लोगों को गर्मी से मिली राहत, सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान, जारी हुआ बारिश का अलर्ट