A
Hindi News दिल्ली दिल्ली में नकली NCERT किताबों का बड़ा रैकेट बेनकाब, 5011 किताबें बरामद

दिल्ली में नकली NCERT किताबों का बड़ा रैकेट बेनकाब, 5011 किताबें बरामद

पुलिस टीम ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली किताबें बरामद कीं। गोदाम मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने 2022 से नकली किताबों का कारोबार शुरू किया था।

NCERT books- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT एनसीआरटी फेक किताब बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली एनसीईआरटी किताबों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शाहबाद दौलतपुर गांव स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर कक्षा 1 से 12 तक की 5011 पाइरेटेड एनसीईआरटी किताबें बरामद की हैं। इस मामले में गोदाम मालिक अरविंद कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को 12 मार्च को सूचना मिली थी कि शाहबाद दौलतपुर इलाके में एक गोदाम में बड़ी संख्या में एनसीईआरटी की नकली किताबें रखी गई हैं और वहां से उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली किताबें बरामद कीं।

गोदाम का मालिक गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान एनसीईआरटी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद उन्होंने पुष्टि की कि गोदाम में रखी गई किताबें पाइरेटेड (नकली) हैं। पुलिस ने गोदाम के मालिक अरविंद कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 47/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS), कॉपीराइट एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Image Source : Reporter Inputकिताब गोदाम का आरोपी

बिहार का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक अरविंद कुमार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और साल 2003 में दिल्ली आया था। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन और आईजीएनओयू से एमए किया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल रहने के बाद उसने 2022 से नकली एनसीईआरटी किताबों का कारोबार शुरू कर दिया।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी इसी तरह के दो मामलों में शामिल रह चुका है। क्राइम ब्रांच अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि नकली किताबों की छपाई कहां हो रही थी और उन्हें किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल, गैस एजेंसियों के पास तैनात होंगे, कालाबाजारी रोकने की जिम्मेदारी

IIT दिल्ली में फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट ने किया सुसाइड, कमरे में फंदे से झूलता मिला शव