A
Hindi News दिल्ली अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और बेटे की हुई मौत, मजदूर को बचाने के चक्कर में गई जान

अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और बेटे की हुई मौत, मजदूर को बचाने के चक्कर में गई जान

दिल्ली के नांगलोई इलाके में फैक्टरी मालिक और उसके बेटे की अचार के कुएं में गिरने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक एक मजदूर कुएं में गिर गया, जिसे बचाने के लिए ये लोग भी कुएं में उतर गए। ऑक्सीजन की कमी की वजह से दोनों की मौत हो गई। फिलहाल मजदूर सुरक्षित है।

फैक्टरी मालिक और बेटे की हुई मौत।- India TV Hindi Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE फैक्टरी मालिक और बेटे की हुई मौत।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक अचार की फैक्टरी में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नांगलोई इलाके में शनिवार को अचार बनाने की एक फैक्टरी में यह हादसा हुआ। फैक्टरी के अंदर बने अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उनके बेटे की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक अचार बनाने की फैक्टरी एक आवासीय इमारत के बेसमेंट से संचालित की जा रही थी। इस फैक्टरी के मालिक अनिल इसी मकान की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के मुताबिक एक मजदूर को बचाने के चक्कर में बाप-बेटे की मौत हो गई। 

मकान के अंदर ही बनी थी फैक्टरी

पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला है कि फैक्टरी में करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं थे, जहां अचार बनाकर रखा जाता था। एक अधिकारी ने बताया, "शनिवार को, एक मजदूर काम के लिए एक कुएं में उतरा था, लेकिन कथित तौर पर दम घुटने के कारण बेहोश हो गया।" पुलिस ने बताया कि मजदूर को गिरता देख फैक्टरी मालिक और उसके दो बेटे नीरज (32) और संदीप (28) भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। पुलिस के मुताबिक अचार के कुएं में उतरने की वजह से ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश हो गए। 

मजदूर को आया होश

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शोर-शराबा होने पर अनिल के भाई सुभाष और अन्य स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर सभी को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मजदूर और संदीप को होश आ गया, जबकि अनिल और उनके बेटे नीरज को होश नहीं आया। आनन-फानन में दोनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दम घुटने के सही कारण और फैक्टरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है। 

यह भी पढ़ें-

महिलाओं के नाम CM योगी की पाती, लिखा- 'नारी का सम्मान समस्त समाज के लिए सर्वोपरि'