1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्लीः होली पर युवक की हत्या करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा, बोलीं- सीएम रेखा गुप्ता, पुलिस ने FIR में जोड़ी SC/ST एक्ट की धारा

दिल्लीः होली पर युवक की हत्या करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा, बोलीं- सीएम रेखा गुप्ता, पुलिस ने FIR में जोड़ी SC/ST एक्ट की धारा

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 07, 2026 11:57 pm IST,  Updated : Mar 12, 2026 02:59 pm IST

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मृतक के परिवार को भरोसा दिलाया कि सात लोग पुलिस हिरासत में हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता- India TV Hindi
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। फाइल Image Source : ANI

नई दिल्लीः दिल्ली के उत्तम नगर में होली पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर में SC/ST एक्ट की धारा और जोड़ दी है। दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में, 'गैर इरादतन हत्या' के तहत केस दर्ज किया गया था। बाद में इसमें हत्या का चार्ज भी जोड़ दिया गया था। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 

दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि होली के पावन पर्व पर दिल्ली के उत्तम नगर में युवक की जघन्य हत्या की घटना अत्यंत दर्दनाक, निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में इस प्रकार की जघन्य आपराधिक और हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति है। इस तरह की दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस अपराध में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मामले में सख़्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना करने का दुस्साहस न कर सके। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदना, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मैं परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलवाने के लिए कार्रवाई करूंगी। तरुण के परिवार ने अपना जवान बेटा खोया है, उनके दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। 

आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग 

वहीं, उत्तम नगर इलाके में होली के मौके पर हुई झड़प में अपने भाई तरुण कुमार की मौत के बाद मृतक के बड़े भाई अरुण कुमार ने आरोपियों की एनकाउंटर की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ यह कह रही है कि गिरफ्तारियां हुई हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक गिरफ्तारी का कोई सबूत नहीं दिया है। इस घटना में कम से कम 20-25 लोग शामिल थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।