PM मोदी की दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की सौगात, मेट्रो के 2 नए कॉरिडोर का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। आज कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को राजधानी दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली मेट्रो के विस्तार से लेकर सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय परिसरों तक कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
मेट्रो कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए ₹18,300 करोड़ की परियोजनाओं पर मुहर लगी है। आज से दिल्लीवासियों के लिए मेट्रो के दो नए कॉरिडोर ऑपरेशनल हो जाएंगे, जिससे उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा-
- पिंक लाइन (12.3 KM): मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर।
- मजेंटा लाइन (9.9 KM): दीपाली चौक से मजलिस पार्क।
इन एक कॉरिडोर के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक और भलस्वा जैसे इलाकों में अब सफर और आसान हो जाएगा।
फेज 5-A का शिलान्यास
प्रधानमंत्री आज मेट्रो के फेज 5-A के तहत 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए प्रस्तावित कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। ये कॉरिडोर नोएडा, दक्षिण दिल्ली और आईजीआई एयरपोर्ट के बीच की दूरी को कम करेंगे-
- आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ
- एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1
- तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज
सरकारी कर्मचारियों के लिए आवास
आवासीय क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री GPRA पुनर्विकास योजना के तहत ₹15,200 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में सरकारी कर्मचारियों के लिए फ्लैट्स और आधुनिक कार्यालय स्थान (48 लाख वर्ग फुट) तैयार किए जाएंगे। इन परियोजनाओं का निर्माण सेल्फ-सस्टेनेबल मॉडल पर किया गया है, जिसमें परियोजना क्षेत्र के एक छोटे हिस्से को व्यावसायिक रूप से विकसित कर प्राप्त राजस्व से ही पूरे बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
'UK कभी हमारा सहयोगी था, अब हमें जरूरत नहीं', ट्रंप ने कीर स्टार्मर को दी चेतावनी; कह दी बड़ी बात
