देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच हुई झड़प का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने बस में मारपीट के मामले में NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस की ओर से इस घटना का एक वीडियो भी जारी किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।
बस में मारपीट के मामले में पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी वीडियो में NSUI की एक महिला कार्यकर्ता कथित तौर पर महिला कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की करती और उनके बाल खींचती दिखाई दे रही है। इस घटना के संबंध में पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला कांस्टेबल ने लगाए मारपीट के आरोप
इंडिया टीवी से बातचीत में संबंधित महिला कांस्टेबल ने राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों से अलग तस्वीर पेश की। कांस्टेबल के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान NSUI के कार्यकर्ताओं ने ही उन पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज हुई और उन्हें धमकियां भी दी गईं। महिला कांस्टेबल के अनुसार, उनके बाल पकड़कर खींचे गए और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। इस मामले में पुलिस की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प को लेकर दोनों पक्षों के आरोप चर्चा में हैं।
NSUI कार्यकर्ताओं से मिले राहुल गांधी
वहीं, प्रदर्शन के दौरान घायल हुए NSUI कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी ने मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट और बर्बरता करने के आरोप लगाए। कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उन्हें थाने ले जाते समय घसीटा गया, उनके बाल खींचे गए और गला दबाया गया। राहुल गांधी ने सभी से इस घटना से जुड़े सबूत उन्हें भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि जब मुद्दा खत्म हो जाएगा, तब सबका हिसाब होगा।
राहुल गांधी ने घायल कार्यकर्ताओं से मांगे सबूत
NSUI कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने उनके साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। कुछ लड़कियों ने आरोप लगाया कि हिरासत में लेकर थाने ले जाते समय उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें घसीटा गया। उनके बाल खींचने और गला दबाने के आरोप भी लगाए गए। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने आरोपों से जुड़े सबूत उन्हें भेजें।
ये भी पढ़ें-
मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, आरोपी मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा
दिल्ली के कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर को तिरंगा मार्च निकालेगी CJP, अभिजीत दिपके ने दिया 'लहरा दो तिरंगा' का नारा