1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के राजौरी गार्डन में बेकाबू स्कॉर्पियो ने राहगीर को मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत

दिल्ली के राजौरी गार्डन में बेकाबू स्कॉर्पियो ने राहगीर को मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत

दिल्ली के राजौरी गार्डन में भारत पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन ने पैदल जा रहे 45 वर्षीय उदय कुमार को टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नए कानून BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Delhi News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली के राजौरी गार्डन में हिट एंड रन केस

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां शनिवार 11 जुलाई की रात को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन (Scorpio-N) कार ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में घायल शख्स की अस्पताल पहुंचने से पहले ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी कार चालक को पकड़ लिया गया है। चालक की पहचान देवांश कुमार के रूप में हुई है। स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

दोस्त के साथ घर लौट रहे थे उदय कुमार

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब नौ बजे यह हादसा राजौरी गार्डन स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास हुआ जब तेज रफ्तार कार ने उदय को टक्कर मारी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उदय कुमार (पुत्र डोमी मेहतो) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ख्याला इलाके के निवासी थे। वे राजौरी गार्डन की ही एक निजी दुकान में काम करते थे। उदय कुमार विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। उदय की मृत्यु की खबर ने पूरे परिवार के तोड़कर रख दिया। 

हादसे के वक्त वे दुकान में ही साथ काम करने वाले अपने मित्र सुभाष कुमार (निवासी रघुबीर नगर) के साथ पैदल अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों दोस्त भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित और तेजी से चल रही स्कॉर्पियो-एन कार ने उदय कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उदय दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद उनका दोस्त सुभाष उन्हें लेकर जीजीएस (GGS) अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उदय को मृत घोषित कर दिया।

हिमाचल प्रदेश की कार, पुलिस ढूंढ रही है सुराग

अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने जीडी संख्या 131ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। प्रत्यक्षदर्शी सुभाष ने पुलिस को दुर्घटना करने वाले वाहन का पंजीकरण नंबर नोट करवा दिया था। पुलिस की क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया, जहां आरोपी वाहन गायब मिला।

राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की नई धाराओं 281 और 106(1) BNS के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली थी। पुलिस को पता चला है कि आरोपी वाहन हिमाचल प्रदेश परिवहन प्राधिकरण में पंजीकृत है। जिसके बाद आरोपी की छानबीन शुरू हुई और अब आरोपी पुलिस की गरिफ्त में है। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, और आरोपी चालक की धरपकड़ के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- 

दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई तक मचा हड़कंप