पश्चिमी दिल्ली के पॉश इलाके पंजाबी बाग से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर में काम करने वाले एक नए नौकर ने सिर्फ एक दिन की नौकरी के बाद ही अपने ही मालिक के घर पर बड़ा हाथ साफ कर दिया। शातिर नौकर करीब 60 लाख रुपये के महंगे हीरे, सोने के गहने और चांदी का सामान लेकर नेपाल भागने की फिराक में था, जिसे दिल्ली पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास से दबोच लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले 22 वर्षीय शशिकांत के रूप में हुई है। खास बात यह है कि आरोपी चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने से ठीक एक दिन पहले ही शिकायतकर्ता के घर घरेलू नौकर के रूप में काम पर लगा था। 21 अगस्त को पंजाबी बाग पुलिस स्टेशन को घर में चोरी होने की PCR कॉल मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पंजाबी बाग एक्सटेंशन स्थित उनके आवास से लगभग 60 लाख रुपये के कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं, और नया नौकर गायब है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल
CCTV और टेक्निकल सर्विलांस: पुलिस ने भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल टावर लोकेशन और तकनीकी मदद से पुलिस बिहार के बेलाही गांव तक जा पहुंची।
नेपाल बॉर्डर पर गिरफ्तारी: पुलिस टीम जब बिहार पहुंची तो भनक लगते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे कुनौली नेपाल बॉर्डर के पास आखिरकार धर दबोचा गया।
संदूक से मिला चोरी का पूरा खजाना
पूछताछ के दौरान आरोपी शशिकांत ने कबूल किया कि उसने सारा चुराया हुआ सामान अपने घर पर एक संदूक में छिपा रखा था। दिल्ली पुलिस उसे लेकर बेलाही गांव स्थित उसके घर पहुंची, जहां से चोरी का सारा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
क्या-क्या सामान मिला?
आरोपी नौकर के पास से करीब 450 ग्राम चांदी (प्लेट और सिक्कों के रूप में), हीरे की 3 चेन और सोने की 1 चेन, हीरे का एक सेट, एक अंगूठी और 5 लॉकेट, हीरे का एक ईयररिंग, दो महंगी कलाई घड़ियां। पुलिस द्वारा बताया गया है कि इस पूरे सामान की कीमत करीब 60 लाख रुपए है। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
(इनपुट- पीटीआई)
ये भी पढ़ें-
IIT दिल्ली में MSc फिजिक्स छात्र की मौत की जांच के लिए बाहरी समिति गठित, रिटायर्ड जज मुक्ता गुप्ता करेंगी अध्यक्षता