1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. "5 दिन से घर से लापता था", दिल्ली विधानसभा में घुसने वाले आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे

"5 दिन से घर से लापता था", दिल्ली विधानसभा में घुसने वाले आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे

दिल्ली विधानसभा में गाड़ी लेकर घुसने वाले आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। वह घटना से पांच दिन पहले से घर से लापता था। 2 अप्रैल को बरेली गया और घटना वाले दिन दिल्ली पहुंचा।

दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक मामला- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक मामला

दिल्ली विधानसभा में सोमवार को सुरक्षा चूक की एक बड़ी घटना सामने आई। बैरियर तोड़कर गाड़ी विधानसभा में घुसी और बाद में भागने में भी कामयाब रही। मामले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सरबजीत के रूप में हुई है।

सरबजीत उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है, जो उत्तर प्रदेश पंजीकरण संख्या वाली टाटा सिएरा कार के साथ विधानसभा के गेट नंबर 2 को तोड़ते हुए परिसर के भीतर जा घुसा था। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी से उत्तरी जिला पुलिस टीम ने रूपनगर इलाके में घेराबंदी कर वाहन को जब्त कर लिया और सरबजीत सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

जांच में हुए अहम खुलासे

जांच में आरोपी सरबजीत के बारे में अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोपी ने हमले का कारण नहीं बताया है। सूत्रों के अनुसार, वह 1 अप्रैल को पीलीभीत से निकला था और घटना से पांच दिन पहले से घर से लापता था। वह 2 अप्रैल को बरेली गया और घटना वाले दिन दिल्ली पहुंचा। उसने अपने परिवार को अपने ठिकाने या यात्रा के उद्देश्य के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। परिवार के सदस्यों ने बताया है कि बीमारी के दौरान उसका व्यवहार बेकाबू हो जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे समय में वह परिवार में किसी की बात नहीं सुनता।

आरोपी दिल्ली विधानसभा में गेट नंबर 2 से गाड़ी लेकर घुसा था। पुलिस ने इस वारदात में इस्तेमाल हुई कार भी बरामद कर ली है। विधानसभा ऑफिस ने जानकारी दी थी कि दोपहर में 2.0 बजे VIP गेट की तरफ से एक गाड़ी बैरियर तोड़कर अंदर घुसी और विधानसभा स्पीकर की गाड़ी के पास फूलों का गुलदस्ता और कुछ कागज रखे। इसके बाद गाड़ी वापस उसी गेट से रवाना हो गई।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, बैरियर तोड़ अंदर घुसी कार, स्पीकर की गाड़ी के पास रखा फूलों का गुलदस्ता

मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की कोशिश नाकाम, सभापति ने महाभियोग के प्रस्ताव को किया खारिज