1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी संगठन ने स्पीकर को भेजा ईमेल

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी संगठन ने स्पीकर को भेजा ईमेल

दिल्ली विधानसभा के स्पीकर के आधिकारिक ईमेल पर विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। धमकी खालिस्तानी संगठन के नाम से दी गई थी।

Delhi Assembly- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली विधानसभा

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:39 बजे दिल्ली विधानसभा के स्पीकर के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश आया। ईमेल में विधानसभा परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम विधानसभा परिसर पहुंची और जांच-पड़ताल की। जांच पूरी करने के बाद पुलिस टीम वहां से रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि खालिस्तानी संगठन द्वारा ये धमकी दी गई थी।

लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी

इससे पहले, 11 जुलाई को राजधानी दिल्ली में लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। एक कॉलर ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। मुंबई पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद मामला नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस तक पहुंचा। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आस-पास जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई शुरू की। हालांकि, जांच के बाद नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने धमकी भरे कॉल को फर्जी बताया

इससे एक दिन पहले 10 जुलाई को भी लाल किले और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, दिल्ली सचिवालय को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस की टीमें मौके पर भेजी गईं। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

नागपुर में 12 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी मिली

महाराष्ट्र के नागपुर में 18 अगस्त की सुबह 12 से अधिक स्कूलों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले। पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, ईमेल जीमेल खाते से भेजे गए थे और इनमें 31 अगस्त को स्कूलों में विस्फोट किए जाने की धमकी दी गई थी, लेकिन परिसरों की तलाशी में कुछ नहीं मिला। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई टीम स्कूलों में भेजीं। अधिकारियों ने बताया कि व्यापक तलाशी के बाद सभी स्कूलों में धमकी फर्जी पाई गई, क्योंकि किसी भी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। 

ये भी पढ़ें-

2 घंटे फंसी रही एंबुलेंस, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला; बदहाल सड़क ने छीन ली नवजात की जिंदगी

DU के हजारों छात्रों का ठिकाना कहां? PG-किराए के कमरों का सहारा, हॉस्टल के आंकड़े डराने वाले