1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 2 घंटे फंसी रही एंबुलेंस, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला; बदहाल सड़क ने छीन ली नवजात की जिंदगी

2 घंटे फंसी रही एंबुलेंस, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला; बदहाल सड़क ने छीन ली नवजात की जिंदगी

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 08, 2026 10:34 am IST,  Updated : Sep 08, 2026 10:52 am IST

गढ़वार गांव में खराब सड़क के कारण एंबुलेंस करीब दो घंटे तक फंसी रही। प्रसव पीड़ा होने पर प्रदीप सिंह की पत्नी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस फंस गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

उत्तर प्रदेश के आगरा बाह क्षेत्र के गढ़वार गांव में खराब सड़क के कारण एंबुलेंस करीब दो घंटे तक रास्ते में फंसी रही। इस दौरान प्रसूता को अस्पताल ले जाने में हुई देरी के बीच नवजात बच्ची की मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार ने अधिकारियों से शिकायत कर सड़क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच कराई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना 02 सितंबर की बताई गई है। गढ़वार गांव निवासी प्रदीप सिंह की पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस महिला को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुई, लेकिन गांव से निकलते समय खराब और बदहाल सड़क पर वाहन फंस गया।

ट्रैक्टर से एंबुलेंस को बांधक कर निकाला गया

परिवार की शिकायत के मुताबिक, एंबुलेंस को निकालने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में ट्रैक्टर से एंबुलेंस को बांधकर उसे बाहर निकाला गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लग गया। किसी तरह एंबुलेंस महिला को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक नवजात बच्ची की मौत हो चुकी थी।

घटना से आहत प्रदीप कुमार ने अधिकारियों को पत्र देकर सड़क की बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सड़क की मरम्मत और नियमित रखरखाव की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उप जिलाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि 05 सितंबर को तहसील दिवस के दौरान परिवार की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को भेजते हुए रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ऐसे अस्पताल पहुंचे नवजात जुड़वा बच्चे

हाल ही में एक यूपी के गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा से एक खबर आई थी, जहां ट्रैफिक पुलिस ने दो गंभीर रूप से बीमार नवजात जुड़वा बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए डीएनडी फ्लाईओवर से सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई तक 6 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाया। करीब 30 यातायात पुलिसकर्मियों की मदद से एंबुलेंस ने यह दूरी महज 3 मिनट 52 सेकंड में पूरी की।

दोनों जुड़वा बच्चे 26 हफ्ते में समय से पहले पैदा हुए हैं और उनका वजन करीब 700-700 ग्राम है। पिछले 47 दिनों से वे गंभीर श्वसन और पाचन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। पहले उनका इलाज दिल्ली के नजफगढ़ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन बेहतर उपचार के लिए उन्हें चाइल्ड पीजीआई रेफर किया गया। फिलहाल दोनों बच्चे गंभीर हालत में हैं और उच्च स्तर के वेंटिलेटर पर हैं।

ये भी पढ़ें-

सार्वजनिक शौचालय में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में फेंका शव

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक जारी हुई चेतावनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।