A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के वसंत विहार में दीवार ढहने से दो बच्चों की हुई मौत, मलबे से निकाला गया

दिल्ली के वसंत विहार में दीवार ढहने से दो बच्चों की हुई मौत, मलबे से निकाला गया

दिल्ली के वसंत विहार इलाके में एक दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा भारी बारिश और जलजमाव के कारण हुआ।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक फोटो

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। एक दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। यह हादसा भारी बारिश और जलजमाव के कारण हुआ।

राष्ट्रीय राजधानी में बारिश से जुड़ी यह तीसरी मौत है। इससे पहले कालकाजी इलाके में सड़क के बीच खड़ा विशाल पेड़ उखड़कर वाहनों पर गिर गया था, जिसमें 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी और उसकी बेटी की कमर की हड्डी टूट गई थी। 

पुलिस के अनुसार, दीवार गिरने की घटना शाम करीब 4.40 बजे बसंत नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि उन्हें इमारत ढहने की सूचना मिली और वे आपदा प्रबंधन टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 

दीवार से सटी सीढ़ियों पर बैठे थे

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि बिहार के बेगूसराय निवासी 10 वर्षीय और मधुबनी निवासी 9 वर्षीय बच्चे को मलबे से निकालकर पीसीआर वैन से एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि लड़के दीवार से सटी सीढ़ियों पर बैठे थे, तभी अचानक दीवार ढह गई। 

डीसीपी ने बताया कि यह दीवार दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की है और ऐसा संदेह है कि लंबे समय से हो रही बारिश और क्षेत्र में जलभराव के कारण यह कमजोर हो गई है। पुलिस ने बताया कि किसी और को असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मलबा हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीडीए को सूचित कर दिया गया है और आस-पास की दीवारों की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन करने के लिए घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

"बांग्ला की मिठास सर्वव्यापी", CM ममता बोलीं- बंगाल न होता तो भारत को आजादी नहीं मिलती

आजादी की पहली सुबह, जब दिल्ली के लाल किले पर नहीं, कहीं और लहराया गया था तिरंगा