1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: महिला प्रोफेसर की हत्या किसने की, घर में फ्रेंडली एंट्री करने वाला कौन था? खुल गया सारा राज

दिल्ली: महिला प्रोफेसर की हत्या किसने की, घर में फ्रेंडली एंट्री करने वाला कौन था? खुल गया सारा राज

महिला प्रोफेसर की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार करते हुए बड़ा खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है।

Fmale professor murder case- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रोफेसर देवस्मिता पॉल की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में महिला प्रोफेसर की हुई हत्या मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों पति-पत्नी हैं। दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है।

नाना की प्रॉपर्टी बनी हत्या की वजह

हत्या की वजह प्रॉपर्टी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक महिला प्रोफेसर की पश्चिम बंगाल में एक प्रॉपर्टी थी, जो उन्हें अपने नाना से मिली थी। गिरफ्तार किए गए आरोपी पति-पत्नी इसी प्रॉपर्टी में किराएदार के रूप में रह रहे थे। आरोपी इस प्रॉपर्टी को हासिल करना चाहते थे, जिसके लिए प्रोफेसर पर दबाव बना रहे थे।

साथ में बच्चे को लेकर आए

हत्याकांड के दिन आरोपी पति-पत्नी बंगाल से दिल्ली आए थे। फिर महिला प्रोफेसर से मिलने के बहाने उनके न्यू अशोक नगर स्थित अपार्टमेंट में फ्रेंडली एंट्री की और अपने साथ बच्चा लेकर भी आए थे, ताकि सोसाइटी में किसी को शक न हो। घर के अंदर घुसते ही आरोपियों ने अपने साथ लेकर आए हथियार से महिला प्रोफेसर की हत्या को अंजाम दिया। आरोपी वेस्ट बंगाल के वर्धमान में रहते हैं। इनको गिरफ्तार कर कल पुलिस दिल्ली पहुंचेगी।

फ्लैट के अंदर मिला था शव

बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के शिवाजी कॉलेज की 49 वर्षीय असिस्टेंट प्रोफेसर गुरुवार दोपहर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। मृतका की पहचान देवस्मिता पॉल के रूप में हुई। पुलिस को उनका शव फ्लैट के भीतर मिला। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअअसल, देवस्मिता पॉल वसुंधरा एन्क्लेव स्थित एक फ्लैट में अकेली रहती थीं। गुरुवार सुबह से उनकी बहन देवरति पॉल उन्हें लगातार फोन कर रही थीं, लेकिन देवस्मिता की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब संपर्क नहीं हो पाया, तो किसी अनहोनी की आशंका के चलते देवरति सीधे उनके फ्लैट पर पहुंची। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि फ्लैट बाहर से बंद था। घबराहट में देवरति ने फ्लैट का ताला तोड़ा और जैसे ही वह अंदर गई, तो अंदर देवस्मिता का शव पड़ा हुआ था। उसने तुरंत दोपहर करीब 2:35 बजे पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और बताया कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है।

ये भी पढ़ें-

LIVE म्यूजिक कॉन्सर्ट में गई युवक की जान, पिए हुआ था शराब, साथ में थी महिला मित्र-VIDEO

Video: पति को पीठ पर लादकर अस्पताल में भटकती रही आदिवासी महिला, कोई मदद के लिए आगे नहीं आया