1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. पति ने फोन चेक कर लिया, फिर पत्नी छाती पर बैठ गई और दुपट्टे से गला घोंटकर मार डाला

पति ने फोन चेक कर लिया, फिर पत्नी छाती पर बैठ गई और दुपट्टे से गला घोंटकर मार डाला

पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी में मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड चेक करने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में 20 वर्षीय पत्नी ने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi News - India TV Hindi
Image Source : PINTEREST पत्नी ने की पति की हत्या

राजधानी दिल्ली के जगतपुरी इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू कलह और शक ने भयानक रूप ले लिया। दरअसल पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में बेवफाई के संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद 20 वर्षीय महिला ने अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस द्वारा आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू हो चुकी है।

फोन चेक करने को लेकर बढ़ा विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना जगतपुरी के रशीद मार्केट स्थित एक घर में गुरुवार सुबह हुई। आरोपी महिला जिसका नाम अलीशा (20 साल) है, का अपने शौहर मुस्तकीम उर्फ साहिल से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मुस्तकीम को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध (एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर) होने का शक था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात में मुस्तकीम ने सबूत तलाशने के लिए अलीशा का मोबाइल फोन ले लिया और उसके कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

गुस्से में आकर पत्नी ने दुपट्टे से पति का गला घोंटा

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने बताया कि मुस्तकीम ने उसके साथ मारपीट की थी। इससे गुस्से में आकर अलीशा ने मुस्तकीम को दबोच लिया और उसकी छाती पर बैठकर दुपट्टे से मुस्तकीम का गला घोंट दिया। गला घोंटने के कुछ देर बाद मृतक की मां कमरे में आयी। मुस्तकीम की मां को देखकर अलीशा घबरा गई और मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मुस्तकीम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी महिला को स्थानीय गुरुद्वारे से गिरफ्तार किया जहां अलीशा छुपने का प्रयास कर रही थी। 

FIR दर्ज 

जगतपुरी थाना पुलिस को इस पूरी वारदात की सूचना तड़के 3 बजकर 52 मिनट पर मिली। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फॉरेंसिक टीम के द्वारा घटनास्थल का मुआयना करके साक्ष्य जुटाए गए हैं और वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल हुए दुपट्टे को भी बरामद करके जब्त कर लिया गया है। 

ये भी पढ़ें:

दिल्ली के धार्मिक स्थलों और थानों की रेकी करा रहा था ISI हैंडलर शहजाद भट्टी, पुलिस ने पकड़े 4 संदिग्ध; आतंकी वारदात की साजिश नाकाम!