1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के धार्मिक स्थलों और थानों की रेकी करा रहा था ISI हैंडलर शहजाद भट्टी, पुलिस ने पकड़े 4 संदिग्ध; आतंकी वारदात की साजिश नाकाम!

दिल्ली के धार्मिक स्थलों और थानों की रेकी करा रहा था ISI हैंडलर शहजाद भट्टी, पुलिस ने पकड़े 4 संदिग्ध; आतंकी वारदात की साजिश नाकाम!

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 02, 2026 11:55 am IST,  Updated : Jul 02, 2026 11:58 am IST

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने आतंकी वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने उन लोगों को पकड़ा है जो कथित रूप से पाकिस्तान में बैठे ISI के हैंडलर के इशारे पर धार्मिक स्थलों और पुलिस थानों की रेकी कर रहे थे।

ISI sponsored terror module- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने 4 आरोपियों को पकड़ा है। Image Source : REPORTERS INPUT

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करके ISI प्रायोजित अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया। स्पेशल सेल ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 3 पंजाब और 1 दिल्ली से पकड़ा गया। पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी वारदात की साजिश रची जा रही थी। आरोपियों के कब्जे से 2 विदेशी पिस्तौल, जिसमें एक Zigana और एक .30 बोर, 9 जिंदा कारतूस और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

विदेशी मोबाइल नंबर्स के जरिए PAK हैंडलर्स से करते थे संपर्क

आरोपी विदेशी मोबाइल नंबर्स के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क में थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच सकें। जांच में खुलासा हुआ कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ मंगाए जाते थे। मुख्य आरोपी शुभदीप सिंह पहले भी NDPS मामले में पंजाब पुलिस की तरफ से गिरफ्तार किया जा चुका है।

Delhi Police Special Cell
Image Source : REPORTERS INPUTदिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने 3 आरोपियों को पंजाब और 1 को दिल्ली से पकड़ा है।

हथियार और ड्रग सप्लाई में शामिल रहे हैं 2 आरोपी

गुरजंत सिंह और साजन सिंह भी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की खेप मंगाने में शामिल थे। साजन सिंह भी पहले NDPS केस में गिरफ्तार हो चुका है। वहीं, चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली के धार्मिक स्थलों और पुलिस थानों की रेकी की मिली थी जिम्मेदारी

बता दें कि गगनप्रीत को दिल्ली के धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और पुलिस पिकेट की रेकी करने का जिम्मा सौंपा गया था। गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों पर फायरिंग की वारदात को अंजाम देने का भी टास्क दिया गया था।

कई राज्यों में छापेमारी के बाद पूरे मॉड्यूल का भंडाफोड़

स्पेशल सेल ने तकनीकी सर्विलांस और कई राज्यों में छापेमारी के बाद पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। इस मामले में BNS और Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगे की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि मामले की गहन जांच जारी है। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। ऐसी कोई भी संदिग्ध गतिविधि अगर किसी को अपने आसपास दिखती है तो वह पुलिस से संपर्क कर सकता है। इसकी सूचना पुलिस को देकर संदिग्ध को पकड़ने में मदद कर सकता है।

ये भी पढ़ें- बम की झूठी खबर देने वाली महिला को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, अधिकारियों-संस्थानों को भेज चुकी है 200 से ज्यादा फर्जी ईमेल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।