दिल्ली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने AI की मदद से एक फर्जी पोस्टर और तस्वीरें बनाई थीं। इन तस्वीरों में दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त डीसीपी विवेक भगत को एक महिला पत्रकार के साथ गलत व्यवहार करते हुए दिखाया गया था। दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद दावा किया है कि यह वीडियो AI टूल्स की मदद से एडिट करके तैयार किया गया था। यह मामला 3 अक्टूबर का बताया जा रहा है।
नई दिल्ली के एडीशनल डीसीपी मंजीत ने बताया कि पुलिस ने जिस इंस्टाग्राम आईडी से इस वीडियो को वायरल किए जाने की जांच शुरू की, वह ‘न्यूज आईना’ के नाम से चल रही थी। जांच में पता चला कि इस आईडी को नदीम अहमद नाम का युवक चला रहा था। पुलिस ने नदीम को गिरफ्तार कर लिया, जो हरियाणा का बताया जा रहा है। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वीडियो को AI टूल्स की मदद से एडिट किया गया था। पुलिस का दावा है कि वीडियो का मकसद दिल्ली पुलिस की छवि खराब करना और लोगों के बीच अशांति फैलाना था।
कई धाराओं में मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने आरोपी नदीम अहमद के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
धारा 353 BNS: झूठी खबर फैलाकर लोक शांति या सार्वजनिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप।
धारा 352 BNS: ऐसा काम करने का आरोप, जिससे शांति भंग होने के लिए उकसावे की स्थिति पैदा हो।
धारा 336 BNS: जालसाजी से जुड़ी धारा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अन्य धाराएं भी लगाई गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच रही पुलिस
दिल्ली पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वीडियो को बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने में नदीम के अलावा कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को किसी ने निर्देश दिए थे या उसे किसी तरह की आर्थिक मदद मिली थी। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें-
ECI का प्रोटोकॉल बना वजह? राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों की मुलाकात पर चुनाव आयोग की सफाई