1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. महिलाओं को बाइक से टक्कर मारकर 'सॉरी दीदी' कहने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार, व्यूज और कमाई के लिए करता था ये काम

महिलाओं को बाइक से टक्कर मारकर 'सॉरी दीदी' कहने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार, व्यूज और कमाई के लिए करता था ये काम

दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने 'Road Safety Wala' यूट्यूब चैनल चलाने वाले गुरमन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यूज के लिए महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को बाइक से टक्कर मारता था।

Delhi News- India TV Hindi
Image Source : @ ROAD SAFETY WALA दिल्ली में यूट्यूबर गिरफ्तार

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर व्यूज, फॉलोअर्स बढ़ाने और कमाई करने के लिए युवा किस कदर आपराधिक रास्तों की तरफ जाने से भी नहीं कतरा रहे हैं इसका एक उदाहरण राजधानी दिल्ली से आया है। दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने यूट्यूब और फेसबुक पर 'Road Safety Wala' नाम से वीडियो बनाने वाले एक 32 वर्षीय यूट्यूबर गुरमन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर रीच और रेवन्यू बढ़ाने के लिए सड़क पर चलती महिलाओं और लड़कियों पर जानबूझकर मोटरसाइकिल से टक्कर मारता था। नीचे दिए वीडियो में आप देख सकते हैं। 

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब सनी अरोड़ा नाम के एक व्यक्ति ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज की। शिकायत में साफ तौर पर आरोप लगाया गया था कि आरोपी अपनी बाईक से सड़क पर जा रही लड़कियों की स्कूटी को जानबूझकर पीछे से टक्कर मारता था और उनका पीछा करता था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

दिल्ली के सुभाष नगर का निवासी गुरमन सिंह पुलिस की हिरासत में है। दिल्ली पुलिस ने साइबर सेल के डिजिटल फॉरेंसिक और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी को हिरासत में लिया था। पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल को जब्त कर उसकी जांच की तो उसमें कई आपत्तिजनक वीडियो, सोशल मीडिया अकाउंट और स्क्रीनशॉट बरामद हुए जिन्हें साक्ष्य के तौर पर रखा गया है। पुलिस की पूछताछ में गुरमन सिंह ने कबूल किया कि वो जानबूझकर महिलाओं की गाड़ियों को टक्कर मारता था और उसके तुरंत बाद 'सॉरी दीदी' बोलकर लोगों के शक से बचने की कोशिश करता था। इस दौरान आरोपी का साथी दूर खड़ा होकर पूरी घटना का वीडियो बनाता था और उसके बाद एडिट करके फेसबुक और यूट्यूब पर वीडियो को अपलोड कर दिया जाता है। 

आरोपी ने कहा कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं से जुड़े वीडियो पर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिक्रिय ज्यादा आती थी जिससे उसे आर्थिक लाभ भी प्राप्त होता है। गिरफ्तारी के समय उसके फेसबुक पेज पर 2 लाख 10 हजार और यूट्यूब पर 21 हजार फॉलोअर्स थे। फिलहाल दिल्ली पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया हैंडल्स को बंद करने की प्रक्रिया में जुटी है। 

ये भी पढ़ें-

दिल्ली स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में करोड़ों का घोटाला, पूर्व डायरेक्टर जनरल समेत 3 गिरफ्तार