1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में करोड़ों का घोटाला, पूर्व डायरेक्टर जनरल समेत 3 गिरफ्तार

दिल्ली स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में करोड़ों का घोटाला, पूर्व डायरेक्टर जनरल समेत 3 गिरफ्तार

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 28, 2026 09:59 am IST,  Updated : Jun 28, 2026 10:27 am IST

ACB ने पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज डॉ. वत्सला अग्रवाल को करोड़ो रुपये के घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही डॉ. विनोद कुमार रंगा को गिरफ्तार किया था।

डॉ. वत्सला अग्रवाल- India TV Hindi
डॉ. वत्सला अग्रवाल Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) डॉ. वत्सला अग्रवाल को करोड़ो रुपये के घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है। ACB ने वत्सला अग्रवाल को गुरुवार को गिरफ्तार किया। ACB ने इस कथित घोटाले में नीरज चोपड़ा, डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स को भी गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी इसी मामले में कुछ दिन पहले गिरफ्तार हुए डॉ. विनोद कुमार रंगा की चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के बाद की गई है।

क्या है मामला?

दरअसल, यह घोटाला दवाइयों, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) के माध्यम से कई सौ करोड़ रुपये की खरीद में गड़बड़ियां की गईं। CPA, डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) के अधीन कार्य करती है। ACB पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन, खरीद प्रक्रिया और अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।

जांच में सामने आया है कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों, बेडशीट और लिनेन, सी-आर्म रेडियोलॉजिकल उपकरणों, एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन, दवाओं और शल्य चिकित्सा (सर्जिकल) सामग्री की खरीद के लिए निविदा प्रक्रिया में भारी हेरफेर की गई। कुछ चुनिंदा सप्लायर्स को नाजायज फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर की शर्तें खास तौर पर उनके अनुकूल तैयार की गईं, जिससे वास्तविक और योग्य बोलीदाता रेस से बाहर हो गए और अत्यधिक बढ़ी हुई कीमतों पर सामान खरीदकर सैकड़ों करोड़ रुपये के सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

अब तक की बड़ी कार्रवाई, निलंबन

इस घोटाले की परतें खुलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कड़े कदम उठाए गए हैं। शिकायत के आधार पर ACB ने 2 जून को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आपराधिक साजिश संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

डॉ. वत्सला अग्रवाल को पहले 21 मई को DGHS पद से हटाकर प्रतीक्षा में रखा गया था, जिसके बाद उनका तबादला गुरु तेग बहादुर अस्पताल किया गया। बाद में, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल के निर्देश पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।

आंतरिक जांच में दवाओं की खरीद, भंडारण और प्रबंधन में गंभीर कमियां पाए जाने के बाद दिल्ली सरकार ने पांच फार्मासिस्ट और CPA के दो अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया है।

ये भी पढ़ें-

जीतू पटवारी ने मोहन सरकार पर लगाया 500 करोड़ रुपये का आरोप, दिग्विजय सिंह ने दी क्लीन चिट

सांसदों ने छोड़ा साथ तो बौखलाए उद्धव ठाकरे, देवेंद्र फडणवीस से लेकर शिंदे तक पर बोला हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।